जापान में पीएम एबी की पार्टी बड़ी जीत की ओर, लेकिन गठबंधन दो तिहाई बहुमत तक नहीं पहुंचेगा
जापान में रविवार को उच्च सदन की 124 सीटों के लिए हुए मतदान में प्रधानमंत्री शिंजो एबी के नेतृत्व वाले गठबंधन के पक्ष में परिणाम आने के संकेत हैं।
टोक्यो, एएफपी। जापान में रविवार को उच्च सदन की 124 सीटों के लिए हुए मतदान में प्रधानमंत्री शिंजो एबी के नेतृत्व वाले गठबंधन के पक्ष में परिणाम आने के संकेत हैं। दो घंटे की मतगणना के बाद मीडिया के एक्जिट पोल में सत्तारूढ़ गठबंधन को प्रभावशाली बहुमत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है, लेकिन सरकार को अपनी योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए दो तिहाई बहुमत की जरूरत होगी। कई योजनाओं के लिए संविधान में संशोधन की जरूरत है और यह संशोधन सत्तारूढ़ गठबंधन के पास दो तिहाई बहुमत होने से ही संभव है।
एनएचके पब्लिक टेलीविजन के एक्जिट पोल के अनुसार एबी की लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी और सहयोगी कोमीटो पार्टी को चुनाव में 64 सीटें मिल सकती हैं। जबकि उच्च सदन में दो तिहाई बहुमत के लिए गठबंधन को 85 सीटों पर जीत की जरूरत होगी।
जापान के उच्च सदन में कुल 245 सीटें हैं। इनमें से आधी सीटों के लिए हर तीन साल में चुनाव होता है। इस जीत के साथ एबी की पार्टी 2012 से लगातार पांच संसदीय चुनाव जीतने वाली पहली पार्टी बन जाएगी। एबी को देश की अर्थव्यवस्था पटरी पर लाने और सुरक्षा को लेकर चिंता करने के लिए जाना जाता है। जापान पर उत्तर कोरिया और चीन की ओर से खतरे हैं। चीन उसकी समुद्री सीमा के भीतर अक्सर दखल देता रहता है।
एबी ने हाल के वर्षो में अपनी कूटनीतिक दक्षता प्रदर्शित करते हुए अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का विश्वास जीत लिया है। इसका फायदा उन्हें जापान की स्थानीय राजनीति में बहुत ज्यादा मिल रहा है। प्रधानमंत्री के तौर पर एबी का कार्यकाल 2021 में पूरा होगा।