काम के दौरान मेज पर रखा पौधा घटाता है तनाव, भलाई की प्रकृति में दिखा सकारात्मक रुझान
वैज्ञानिकों ने अपने अध्ययन में पाया है कि व्यस्त कार्यस्थल पर तनाव के बीच काम करने के दौरान आपकी मेज पर रखा एक पौधा काफी हद तक आपको आराम पहुंचा सकता है।
टोक्यो, एएनआइ। व्यस्त कार्यस्थल पर तनाव के बीच काम करने के दौरान आपकी मेज पर रखा एक पौधा काफी हद तक आपको आराम पहुंचा सकता है। सीएनएन हेल्थ के अनुसार जापान के शोधकर्ताओं के समूह ने काम के दौरान तनाव को कम करने में पौधों की भूमिका पर अध्ययन किया। शोधकर्ताओं ने जापान की एक इलेक्ट्रिक कंपनी के कर्मचारियों पर अपना अध्ययन किया। उन्होंने कर्मचारियों के तनाव का स्तर पहले मापा और फिर पौधों के साथ तीन मिनट बिताने के बाद दोबारा मापा।
'हर्टटेक्नोलॉजी' नामक पत्रिका में प्रकाशित अध्ययन के बताया गया कि पौधों के साथ तीन मिनट बिताने के बाद कर्मचारियों के तनाव के स्तर पर मामूली गिरावट देखी गई, लेकिन उनकी हृदयगति पर 27 प्रतिशत तक आराम देखा गया। शोधकर्ताओं ने बताया कि यह अध्ययन अनोखा है क्योंकि इसे न केवल वास्तविक कार्यालय के माहौल में किया गया, बल्कि इसमें पौधों की सक्रिय रूप से देखभाल करने से होने वाले प्रभावों का भी विश्लेषण किया गया।
ह्योगो यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर और इस अध्ययन के प्रमुख लेखक मासाहिरो टोयोडा ने बताया कि अध्ययन में यह पाया गया कि तनाव भरे काम में कुछ समय के दौरान तीन मिनट का 'नेचर ब्रेक' लेने से कर्मचारियों की मानसिक भलाई में एक सकारात्मक रुझान देखा गया।
इससे पहले एक अध्ययन में पाया गया था कि बालों की रंगत बदलना आपकी मेंटल हेल्थ पर निर्भर करता है। वैज्ञानिकों ने पाया कि तनाव आपके बालों को सफेद करने का कारण बनता है। ये रिसर्च अमेरिका और ब्राजील के शोधकर्ताओं ने की है। शोधकर्ताओं ने अपने शोध के लिए चूहों का इस्तेमाल किया। चूहों पर किये गये शोध से पता चला कि उनके जिस्म की जो कोशिकाएं बालों का रंग निर्धारित करती हैं, उनको मानसिक दबाव की वजह से समस्याओं का सामना करना पड़ा।