Flood in Japan: दक्षिण जापान में भारी बारिश के कारण बाढ़ और भूस्खलन, 13 लापता
भारी बारिश के कारण जापान में आए बाढ़ के कारण दर्जन से अधिक लोग लापता हैं।
टोक्यो, एपी। दक्षिण जापान (Southern Japan) में शनिवार को भारी बारिश के कारण भूस्खलन (Mudslide) व बाढ़ के हालात बन गए। इस प्राकृतिक आपदा में एक दर्जन से अधिक लोग लापता हो गए। वहीं अचानक आए बाढ़ के कारण कई लोग घरों की छतों पर फंसे दिखे। रात भर हुए बारिश के मद्देनजर 75 हजार से अधिक लोगों को इलाके को खाली करने को कह दिया गया था।
इलाका खाली करने के दे दिए गए थे आदेश
उल्लेखनीय है कि रात भर मूसलाधार बारिश होने के बाद कुमामोतो और कागोशीमा के दक्षिणी प्रांतों में 75,000 से ज्यादा निवासियों को इलाका खाली करने को कहा गया। एनएचके टीवी पर दिखाए गए बाढ़ के हालातों वाले फुटेज में कुमा नदी से निकले बारिश के पानी में कुमामोतो के हितोयोशी के बड़े हिस्से जलमग्न दिख रहे हैं। बाढ़ के पानी में कई गाड़ियां आधे से अधिक ज्यादा डूब गईं हैं । घरों में कीचड़ घुस गया और बाढ़ के पानी में उखड़े पेड़ के तने नजर आ रहे हैं। कई लोग दुकानों की छत पर खुद को सुरक्षित निकाले जाने की प्रतीक्षा में खड़े दिखे।
लापता हैं 13 लोग
एनएचके ने कहा कि करीब 13 लोग लापता हैं। कुमामोतो के अधिकारियों ने कहा कि वे नुकसान का आकलन कर रहे हैं। प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने कार्यबल का गठन किया है और लापता लोगों को सुरक्षित निकालने की प्रतिबद्धता जताई है। जापान मौसम विज्ञान एजेंसी ने पूर्व में कुमामोतो के कई हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की थी लेकिन बाद में इस चेतावनी का स्तर कम किया। कुमामोतो के गवर्नर इकुओ काबाशीमा ने कहा कि उन्होंने ‘जापान सेल्फ डिफेंस’ बलों से मदद का आग्रह किया है। NHK टेलीविजन फुटेज में दिखाए गए हितोयोशी टाउन के बड़े इलाके में कुमा नदी में बारिश के कारण आए उफान से जलजमाव हो गया। कई कार खिड़कियों तक डूब गए।