Coronavirus: जापानी पीएम बोले- देश में फिलहाल आपातकाल लगाने की जरूरत नहीं
जापान सरकार ने शुक्रवार को कहा की कोरोना वायरस को लेकर देश में फिलहाल आपातकाल की स्थिति घोषित करने की कोई आवश्यकता नहीं है।
टोक्यो, रॉयटर्स। जापान में कोरोना वायरस का सबसे ज्यादा असर टोक्यो में देखने को मिल रहा है। टोक्यो में कोरोना वायरस के संक्रमित मरीजों का आंकड़ा बढ़ने के बाद प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने गुरुवार को इसे राष्ट्रीय आपदा घोषित किया। हालांकि जापान सरकार ने शुक्रवार को कहा की कोरोना वायरस को लेकर देश में फिलहाल आपातकाल की स्थिति घोषित करने की कोई आवश्यकता नहीं है।
जापान सरकार के शीर्ष प्रवक्ता योशीहिदे सुगा ने एक नियमित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि फिलहाल जापान ऐसी स्थिति में नहीं है जहां उसे आपातकाल लगाने की आवश्यकता पड़े। बता दें कि जापान में शुक्रवार तक कोरोना वायरस से 1300 से ज्यादा पॉजिटिव मामले सामने आ टुके हैं, जबकि 45 लोगों की जान जा चुकी है। वहीं 350 से ज्यादा कोरोना वायरस से संक्रमित लोग ठीक हो चुके हैं।
इनके अलावा राजधानी टोक्यो के करीब योकोहोमा तट पर खड़े डायमंड प्रिंसेस क्रूज शिप पर भी 712 लोग भी कोरोना वायरस की महामारी से पीड़ित हैं। एक रिपोर्ट के मुताबिक, अभी तक इस महामारी से जापान में 45 और क्रूज शिप पर 10 लोगों की मौत हो चुकी है। दूसरी तरफ प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने कोरोना वायरस से लड़ने के लिए एक नए टास्क फोर्स का गठन किया है। आबे के इस फैसले को आपात स्थिति घोषित करने की दिशा में एक प्रारंभिक कदम के रूप में देखा जा रहा है।
बता दें कि चीन से फैले जानलेवा कोरोना वायरस से दुनियाभर में अबतक 5 लाख से ज्यादा लोग संक्रमित पाए गए हैं, जबकि 24 हजार के करीब लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें से एक लाख 20 हजार लोग पूरी तरह से ठीक भी हो चुके हैं।
वहीं, अमेरिका ने कोरोना वायरस के संक्रमित मामलों में चीन को भी पीछे छोड़ दिया है। यहां एक ही दिन में कोरोना वायरस के 16 हजार संक्रमित लोगों की पुष्टि हुई है। भारत की बात करे तो यहां भी कोरोना वायरस के मामलों में तेजी से इजाफा देखने को मिल रहा है। देश में अबतक 16 लोगों की मौत हो चुकी है जबकी 700 से ज्यादा लोग संक्रमित हैं।