Coronavirus: जापानी क्रूज पर फंसा एक और भारतीय कोरोना वायरस से संक्रमित
जापान के तट पर खड़े डायमंड प्रिंसेज क्रूज शिप पर मौजूद एक और भारतीय के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है।
टोक्यो, प्रेट्र। जापान के योकोहामा बंदरगाह पर खड़े डायमंड प्रिंसेज क्रूज शिप पर मौजूद एक और भारतीय के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। इस तरह अब तक कुल तीन भारतीय संक्रमित हो चुके हैं। सभी जहाज के चालक दल के सदस्य हैं। जापान में भारतीय दूतावास ने शुक्रवार को बताया कि अब तक क्रूज में मौजूद 218 लोग इस वायरस से संक्रमित हुए हैं, जिनका विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है।
इस बीच, जहाज में मौजूद जिन बुजुर्ग यात्रियों के टेस्ट निगेटिव आए हैं, उन्हें धीरे-धीरे अपने घर जाने की अनुमति दी जा रही है। ऐसे 11 बुजुर्ग यात्रियों का जत्था शुक्रवार दोपहर काले शीशे लगी एक बस से रवाना किया गया। पिछले महीने हांगकांग का एक यात्री इस क्रूज से उतरा था। बाद में उसके कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी। इसी को ध्यान में रखते हुए जब पांच फरवरी को यह क्रूज जापान पहुंचा तो किसी को भी इससे उतरने नहीं दिया गया। इसके 14 दिन की आइसोलेशन अवधि 19 फरवरी को समाप्त हो रही है। इसमें चालक दल और यात्री मिलाकर कुल 3711 लोग सवार थे। इनमें 138 भारतीय हैं।
कोरोना वायरस से लगभग 1500 की मौत
वहीं, चीन में कोरोना वायरस संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या 1500 के करीब पहुंच गई है। ज्यादातर मौतें सबसे ज्यादा प्रभावित हुबेई प्रांत में हुई हैं। स्वास्थ्य अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि पूरे देश में इस वायरस से करीब 65 हजार लोग संक्रमित हैं। संक्रमित मरीजों की देखभाल में जुटे छह स्वास्थ्य कर्मचारी भी अपनी जान गंवा चुके हैं। 1,700 स्वास्थ्य कमी भी वायरस से संक्रमित हैं। प्रांतीय स्वास्थ्य आयोग के अनुसार, गुरुवार को हुबेई में कोरोना वायरस के 4,823 नए मामले सामने आए और 116 लोगों की मौत हुई। हुबेई प्रांत में एक दिन पहले इस घातक कोरोना वायरस से रिकॉर्ड 242 लोगों की मौत हुई थी।
यह भी पढ़ें- Coronavirus: चीन के बाद जापान और दक्षिण कोरिया से आने वाले यात्रियों की होगी स्क्रीनिंग