इंडोनेशिया: भूकंप प्रभावित इलाके से 500 से अधिक यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया
पहाड़ पर फंसे 500 से ज्यादा यात्रियों और उनके गाइडों को ज्वालामुखी से सफलतापूर्वक निकाला गया है।
जकार्ता (एएफपी)। इंडोनेशिया में भूकंप के कारण आए भूस्खलन में पहाड़ पर फंसे 500 से ज्यादा यात्रियों और उनके गाइडों को ज्वालामुखी से सफलतापूर्वक निकाला गया है। यात्रियों के निकालने के लिए माउंट रंजानी पर चट्टानों और मिट्टी को हटाया गया। भूस्खलन के कारण कई जगह चट्टानों और मिट्टी की वजह से रास्ते बंद हो गए थे और कई यात्री फंस गए थे।
स्थानीय मीडिया के अनुसार पहाड़ पर 560 ट्रेकर्स फंसे हुए थे। इनमें संयुक्त राज्य अमेरिका, फ्रांस, नीदरलैंड्स, थाईलैंड और जर्मनी के कई अन्य देशों के नागरिक शामिल हैं। राष्ट्रीय आपदा एजेंसी के प्रवक्ता सुतोपो पुरावो नुग्रोहो ने ने बताया कि सोमवार रात वहां से 543 यात्रियों को वहां से निकाल लिया गया है। पहाड़ पर अभी 6 लोग फंसे हुए हैं। वह सुरक्षित और स्वस्थ हैं।
गौरतलब है कि पर्यटन के लिए मशहूर इंडोनेशिया के लंबोक द्वीप में रविवार को भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। 6.4 तीव्रता के इस भूकंप से 14 लोगों की जान चली गई। 160 लोग जख्मी हुए हैं जिनमें से कई की हालत गंभीर है। भूकंप से एक हजार से ज्यादा घरों को नुकसान हुआ है। अमेरिकी जियोलॉजिकल सर्वे के अनुसार, भूकंप का केंद्र जमीन से सात किलोमीटर नीचे था। भूकंप का झटका बाली द्वीप में भी महसूस किया गया लेकिन वहां किसी तरह के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है।