जानें- इंडोनेशिया में क्यों दुर्घटनाग्रस्त हुआ था बोइंग विमान, हादसे में सौ से अधिक की गई थी जान
पिछले साल अक्टूबर में इंडोनेशिया की विमानन कंपनी लॉयन एयर का बोइंग 737 मैक्स विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ था। हादसे में सौ से अधिक की जान गई थी।
जकार्ता, रायटर। पिछले साल अक्टूबर में इंडोनेशिया की विमानन कंपनी लॉयन एयर का बोइंग 737 मैक्स विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ था। हादसे की जांच कर रही इंडोनेशियाई समिति ने हादसे को लेकर बड़ा खुलासा किया है। समित ने कहा कि तकनीकी और डिजाइन संबंधी खामियों की वजह से विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ था। पीड़ितों के परिजनों को यह जानकारी दी गई है। यह रिपोर्ट शुक्रवार को सार्वजनिक की जाएगी।
29 अक्टूबर, 2018 को जकार्ता एयरपोर्ट से उड़ान भरने के कुछ मिनट बाद ही 737 मैक्स विमान हादसे का शिकार होकर जावा सागर में गिर गया था। इसके पांच महीने बाद गत 10 मार्च को इथोपिया एयरलाइंस का 737 मैक्स विमान भी इसी तरह दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इन दोनों हादसों में करीब 250 लोगों की जान गई थी। इसके चलते विमान बनाने वाली अमेरिकी कंपनी बोइंग को मैक्स विमान को सेवा से हटाना पड़ा है।
इंडोनेशिया के हादसे की जांच कर रही समिति के अनुसार, विमान की एंटी-स्टॉल डिवाइस एमसीएएस की कार्यप्रणाली को लेकर पायलट को सही जानकारी नहीं थी, जो हादसे की प्रमुख वजह बना। इसके अलावा विमान कर्मियों के संचार और मैनुअल कंट्रोल में भी कई गड़बडि़यां पाई गईं। इन्हीं सब वजहों से पायलट हादसे के लिए पहले सतर्क नहीं हो पाए।
परिजनों ने रिपोर्ट पर जताई नाराजगी
जांचकर्ताओं द्वारा हादसे के कई कारण बताए जाने पर परिजनों ने नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि एयरलाइंस को इसके लिए पूरी जिम्मेदारी लेनी चाहिए। हादसे में अपने रिश्तेदार खोने वाली एंटन शहादी ने कहा, 'एयरलाइंस पर प्रतिबंध लगाया जाना चाहिए।
यह किसी एक व्यक्ति नहीं बल्कि 189 जिंदगियों का सवाल था। जांचकर्ताओं की जिम्मेदारी केवल हादसे के कारण ढूंढना नहीं है। उन्हें भविष्य में विमानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाने चाहिए।' लॉयन एयर ने अभी रिपोर्ट पर कोई टिप्पणी नहीं दी है। जबकि बोइंग का कहना है कि रिपोर्ट के सार्वजनिक होने से पहले कोई टिप्पणी करना सही नहीं है।