Move to Jagran APP

Indonesia Tsunami: पूर्णिमा की रात होने से ज्यादा हुई तबाही, जानिए क्यों

Indonesia tsunami पूर्णिमा की रात होने से इंडोनेशिया में ज्यादा तबाही हुई। ज्वालामुखी विस्फोट के कारण सुनामी आने की घटनाएं बहुत कम होती हैं।

By Arti YadavEdited By: Published: Mon, 24 Dec 2018 08:15 AM (IST)Updated: Mon, 24 Dec 2018 08:17 AM (IST)
Indonesia Tsunami: पूर्णिमा की रात होने से ज्यादा हुई तबाही, जानिए क्यों
Indonesia Tsunami: पूर्णिमा की रात होने से ज्यादा हुई तबाही, जानिए क्यों

कैरिटा, एजेंसी। इंडोनेशिया में ज्वालामुखी फटने के कारण आई सुनामी ने भारी तबाही मचाई। इस त्रासदी में 281 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक हजार लोग घायल बताए जा रहे हैं। काफी लोगों की तलाश अभी भी जारी है। इंडोनेशिया की सुंडा जलसंधि के तट पर स्थानीय समयानुसार शनिवार रात 9:30 बजे सुनामी ने दस्तक दी। यह सुनामी क्रैकाटोआ की संतान कहे जाने वाले एक ज्वालामुखी में विस्फोट के कारण आई। स्थानीय मीडिया के अनुसार, सुनामी में दर्जनों इमारतें बह गईं, जबकि समुद्र में मौजूद कई नावें भी लापता हैं। सुनामी से प्रभावित इलाकों में पैंनदेंगलैंग, सेरांग और दक्षिण लाम्पुंग के इलाके शामिल हैं।

loksabha election banner

पूर्णिमा की रात होने से ज्यादा हुई तबाही
अधिकारियों ने बताया कि ज्वालामुखी विस्फोट के कारण सुनामी आने की घटनाएं बहुत कम होती हैं। भूकंप के कारण आने वाली सुनामी से इतर इस तरह की सुनामी में लोगों को सतर्क करने का कोई मौका नहीं मिलता है। राष्ट्रीय आपदा एजेंसी के प्रवक्ता सुतोपो नुग्रोहो ने बताया कि ज्वालामुखी फटने के कारण समुद्र के नीचे सतह में हलचल हुई। पूर्णिमा की रात होने के कारण उठ रही ऊंची लहरों के साथ मिलकर यह हलचल बड़ी तबाही का कारण बन गई।

राहत और बचाव कार्य में लगे अधिकारियों ने बताया कि आपदा में एक हजार लोग घायल हो गए हैं और 28 लोग लापता हैं। तट के आसपास बनी इमारतें ध्वस्त हो गई। पेड़ और बिजली के खंबे उखड़ गए। इंटरनेशनल फेडरेशन ऑफ रेड क्रॉस की कैथी मूलर ने कहा कि आपदा में मरने वालों की संख्या में इजाफा हो सकता है। 

बह गए कंसर्ट में जुटे लोग
इंडोनेशिया में जिस समय सुनामी आई, ठीक उसी समय तट के किनारे एक म्यूजिक कंसर्ट आयोजित किया जा रहा था। शो के रंग में डूबे लोग नाच-गाने में खोये थे कि अचानक ऊंची लहरों ने सबकुछ तहस-नहस कर दिया। प्रदर्शन कर रहे कलाकार स्टेज समेत बह गए। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है। कंसर्ट में रॉक बैंड 'सेवनटीन' के सदस्य प्रदर्शन कर रहे थे। इंस्टाग्राम पर जारी एक वीडियो के मुताबिक, रॉक बैंड से जुड़े दो लोगों की मौत हो गई। तीन अन्य सदस्य लापता भी बताए जा रहे हैं।

मोदी ने दिया मदद का भरोसा
इंडोनेशिया में आई भीषण सुनामी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है। उन्होंने राहत कार्यो में मदद का भरोसा भी दिया है। मोदी ने ट्वीट किया, 'इंडोनेशिया में सुनामी के कारण लोगों की मौत और तबाही से दुखी हूं। पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। भारत अपने समुद्री प़डोसी इंडोनेशिया को राहत कार्यो में मदद के लिए तत्पर है।' यूरोपीय संघ ने भी दुख जताते हुए इंडोनेशिया को हरसंभव मदद देने की बात कही है।

इसलिए मची तबाही
ज्वालामुखी फटने के कारण समुद्र के नीचे सतह में हलचल हुई। पूर्णिमा की रात होने से उठ रही ऊंची लहरों के साथ मिलकर यह हलचल बड़ी तबाही का कारण बन गई। 

ऐसे आई सुनामी 
ज्वालामुखी फटने से लावा निकला। लावे समुद्र में बहा, तो लहरें मचल उठीं। अत्यधिक मात्रा के कारण लहरें सुनामी बन गई। 

इंडोनेशिया में सबसे अधिक भूकंप और सुनामी
बता दें कि रिंग ऑफ फायर में स्थित होने के कारण इंडोनेशिया में दुनिया में सबसे अधिक भूकंप और सुनामी आते हैं। इसी साल जुलाई में इंडोनेशिया में एक हफ्ते के अंतराल में दो भूकंप के झटके आए थे। लोम्बोक में 7 और बाली में 6.4 तीव्रता का भूकंप महसूस किया गया था। इनमें सैकड़ों लोगों की मौत हुई थी।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.