डिजाइन की वजह से दुर्घटना का शिकार हुआ था बोइंग 737
पिछले साल अक्टूबर में इंडोनेशिया का एक विमान दुर्घटना का शिकार हो गया था जिसमें 189 लोगों की मौत हो गई थी।
जकार्ता, आइएएनएस। इंडोनेशिया में पिछले साल हुए विमान हादसे की जांच रिपोर्ट सामने आई है। अक्टूबर 2018 में लायन एयर विमान हादसे का शिकार हो गया था। जांच रिपोर्ट के अनुसार विमान की डिजाइन में ही खामी थी।
दो हादसों के बाद बोइंग की मैक्स उड़ानें थी बंद
जांचकर्ताओं ने इस गड़बड़ी को ही हादसे का कारण बताया है। यह विमान गत 29 अक्टूबर को दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। विमान में सवार सभी 189 लोगों की मौत हो गई थी। इसके बाद इस साल मार्च में भी बोइंग का एक मैक्स विमान इथोपिया में हादसे का शिकार हो गया था। इसमें 157 लोगों ने जान गंवाई थी। इन दो दुर्घटनाओं के बाद दुनियाभर में बोइंग के 737 मैक्स विमानों की उड़ानें बंद कर दी गई थीं।
अंतिम जांच रिपोर्ट नवंबर में
वाल स्ट्रीट अखबार ने मसौदा जांच रिपोर्ट के हवाले से अपनी खबर में बताया कि जांचकर्ताओं ने हादसे की अन्य वजहों में पायलट की गलतियों और विमान के रख-रखाव में गड़बड़ियों की भी पहचान की है। अंतिम जांच रिपोर्ट नवंबर में जारी किए जाने की उम्मीद है।
इथोपिया की जांच में भी मिली थीं खामियां
अफ्रीकी देश इथोपिया ने अपनी प्रारंभिक जांच में बोइंग 737 मैक्स विमान में कई खामियां पाई थीं। उसकी जांच में यह उजागर हुआ था कि पायलट ने बोइंग की जरूरी प्रक्रियाओं का पालन किया था, लेकिन वे विमान को नियंत्रित नहीं कर सके थे।
अगले साल से मैक्स विमानों के उड़ान भरने की उम्मीद
गत जुलाई में दुनिया की दिग्गज विमानन कंपनी बोइंग ने यह माना था कि उसके 737 मैक्स विमानों की उड़ानें 2020 से पहले नहीं हो सकेगी क्योंकि विमान के फ्लाइट कंट्रोल साफ्टवेयर और अन्य काम में समय लग रहा है। यह अनुमान लगाया जा रहा है कि अगले साल जनवरी से 737 मैक्स विमानों की उड़ान बहाल हो सकती है।