इंडोनेशिया में नौका डूबने से 2 की मौत, 7 लापता
28 लोगों के साथ रोट आइलैंड जा रही नौका कासिह 25 के डूबने से इसमें सवार दो बच्चों की मौत हो गई वहीं 7 लापता बताए जा रहे हैं।
क्यूपांग, एपी। पूर्वी इंडोनेशिया (Indonesia) में 28 लोगों समेत मछलियों से भरी एक नौका पानी में डूब गई जिसके कारण कम से कम दो बच्चों की मौत हो गई और सात लोग लापता हैं। यह जानकारी एक अधिकारी ने सोमवार को दी। रेस्क्यू एजेंसी के अधिकारी एमी फ्राइजर (Emi Frizer) ने बताया कि अब तक 19 लोगों को निकाला जा चुका है वहीं दो बच्चों के शव भी बरामद हो गए हैं। सर्च अभियान जारी है।
दो बच्चों का शव बरामद
कासिह-25 (Kasih-25) रविवार को डूब गई थी। पूर्व न्यूसा तेनगारा ( East Nusa Tenggara) की राजधानी क्यूपांग (Kupang) के ताबलोंग बीच (Tablolong beach) से निकलने के एक घंटे बाद ही यह घटना हुई। यह नौका रोट आइलैंड ( Rote island) जा रही थी यानि नौका की यह यात्रा कुल 4 घंटे की थी। बता दें कि नौका डूबने के बाद वहां आस-पास की नौकाओं पर सवार लोगों ने मदद की और तब दो बच्चों का शव बरामद हो पाया। साथ ही 19 लोगों को बचाने में सफलता मिली। लकड़ी के इस नौका में 16 यात्री और 12 मछुआरे थे। तेज हवा और दो मीटर ऊंची (6.5 फुट) लहर की चपेट में आने के बाद यह नौका पुकुफू स्ट्रेट में डूब गई।
ओवरक्राउड के कारण डूबी नौका
एमी फ्राइजर ने बताया कि यह नौका मछली पकड़ने के लिए ही डिजाइन किया गया था। यह केवल 15 लोगों के अनुसार ही तैयार किया गया था लेकिन नौका के कैप्टन ने स्थानीय बंदरगाह के प्रमुख से अनुमति बगैर अधिक पैसेंजरों को नौका पर सवार कर लिया। इस घटना के टेलीविजन फुटेज में राहतकर्मियों को डूबते लोगों की मदद करते देखा गया वहीं अन्य अधिकारी बंदरगाह पर अन्य जहाज से दो काले बॉडी बैग लिए दिखे। इंडोनेशिया में यातायात के लिए नौका व फेरी आम साधनों की तौर पर दिखे। उल्लेखनीय है कि यहां कुल 17,000 आइलैंड हैं। यहां खराब सुरक्षा मानकों व अत्यधिक भीड़ के कारण दुर्घटनाएं होना आम है।