Flood Alert in Wuhan: बारिश से त्रस्त चीन, वुहान में बाढ़ को लेकर अलर्ट जारी
दुनिया भर में कोरोना वायरस के संक्रमण को फैलाने का जिम्मेवार बताए जाने वाले चीन का वुहान इन दिनों बाढ़ के संकट से घिरा है।
शंघाई , रायटर्स। नॉवेल कोरोना वायरस के संक्रमण की शुरुआत चीन के जिस वुहान शहर से हुई थी वहां अब बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। भारी बारिश के कारण यहां बाढ़ के हालात बन गए हैं और वुहान (Wuhan) में इसके लिए अलर्ट जारी कर दिया गया है। दरअसल, यहां मूसलाधार बारिश हो रही है जिसके कारण यहां की यांगट्जी (Yangtze) नदी में जल का स्तर काफी बढ़ गया है। इसी नदी के किनारे वुहान स्थित है।
वुहान ने अपना आपातकालीन बाढ़ प्रतिक्रिया को लेबल III से लेबल II पर अपग्रेड कर दिया जो बाढ़ के स्तर को मापने के यहां के चार स्तरीय पैमाने के अनुसार सबसे अधिक है। लगातार कई दिनों से हो रही बारिश के पानी में यहां की सड़कें जलमग्न हो चुकी हैं। प्राधिकारियों ने मार्च में चेताया कि वुहान व बाढ़ के लिए संवेदनशील शहरों में इस साल सामान्य स्तर से अधिक बारिश होगी।
मेयर झोउ शियानवांग ने वादा किया कि कोरोना वायरस महामारी के कारण बाढ़ के लिए किए जाने वाले सुरक्षात्मक उपायों में बाधा नहीं आएगा। इस महामारी के कारण शहर में लॉकडाउन दो माह से अधिक समय तक रहा। वर्ष 1998 में यांग्जी नदी में आए विनाशकारी बाढ़ के कारण यह शहर बुरी तरह प्रभावित था। सोमवार को चीन के दक्षिण पश्चिम में चोंगकिंग से पूर्वी तट पर शंघाई तक भारी बारिश जारी है। झेजियांग ( Zhejiang), आन्हुई (Anhui) और जियांगसु (Jiangsu) में येलो अलर्ट जारी किया गया।
चीन की नदियों में बाढ़ का पानी खतरे के निशान से ऊपर बह रहा है। चीन के मौसम विभाग के सीनियर मौसम वैज्ञानिक (China Meteorological Administration, CMA) चेन ताओ ने बताया कि अगले तीन दिनों तक यांग्जी नदी के किनारे बसे इलाकों में 400 mm तक बारिश हो सकती है। छोटी व मध्यम आकार वाली नदियों पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। इन इलाकों में भूस्खलन का भी खतरा है।