चीन के TikTok से भारत को है सबसे अधिक शिकायत, भेजी 118 शिकायतें
टिक टॉक के पास भारत समेत अमेरिका और जापान ने शिकायत दर्ज करायी और इसमें कुछ अकाउंट्स को रद करने के साथ उनकी जानकारी मांगी है।
नई दिल्ली, आइएएनएस। चीन के शॉर्ट-वीडियो मेकिंग (Short Video Making Platform) प्लेटफार्म टिक टॉक(TikTok) ने वैश्विक मंच पर जितनी तेजी से लोकप्रियता हासिल की उतनी ही तेजी से इसे शिकायतें भी मिली। भारत, अमेरिका व जापान की ओर से इस वीडियो मेकिंग प्लेटफार्म को कुछ अकाउंट्स के खिलाफ शिकायतें दर्ज कराई गई। शिकायत करने वालों में भारत अव्वल रहा इसके बाद दूसरे नंबर पर अमेरिका और फिर जापान।
भारत ने भेजे कुल 118 रिक्वेस्ट
वर्ष 2019 के शुरुआती 6 माह (January 1-June 30, 2019) में ही भारत की ओर से कुछ अकाउंट्स पर कार्रवाई के लिए कुल 118 रिक्वेस्ट भेजे गए थे। इसमें अचरज की बात यह है कि चीन की ओर से इस तरह का कोई रिक्वेस्ट नहीं था।
हटाए जाएं कानून का उल्लंघन करने वाले कंटेंट
बता दें कि टिक टॉक को चीन में दूसरे नाम Douyin से जाना जाता है। हालांकि इसमें 107 वैध रिक्वेस्ट, भारत सरकार ने 11 अकाउंट्स के बारे में जानकारी मांगी और स्थानीय कानून का उल्लंघन करने वाले कंटेंट को हटाने की मांग की। भारत में करीब 200 मिलियन यूजर्स वाले टिक टॉक ने 47 फीसद मामलों पर कार्रवाई की और भारत सरकार के रिक्वेस्ट पर 8 अकाउंट्स को रद कर दिया।
शिकायत करने वालों में अमेरिका और जापान भी
भारत के बाद अमेरिका 79 रिक्वेस्ट के साथ दूसरे नंबर पर था। अमेरिका ने 255 अकाउंट्स से संबंधित 79 रिक्वेस्ट किए थे जिसमें से 86 फीसद पर इसे जानकारी दी गई। तीसरे नंबर पर जापान था जिसने 39 अकाउंट्स से संबंधित 35 रिक्वेस्ट डाले थे।
वैश्विक स्तर पर टिक टॉक (TikTok) को करीब 1.5 बिलियन बार डाउनलोड किया गया। टिक टॉक के पब्लिक पॉलिसी चीफ एरिक एबेंसटीन ने कहा, ‘कानून प्रर्वतन व यूजर्स की प्राइवेसीके प्रति हमारी जिम्मेवारियों को संतुलित रखते हुए हमने केवल कानूनी तरीके से उचित रिक्वेस्ट पर ही अपनी प्रतिक्रिया दी है और केवल आवश्यकतानुसार जानकारी ही मुहैया कराया है।’