'शिनजियांग में धर्म को चीन के अनुरूप ढालने का काम जारी रहे'
संयुक्त मोर्चा कार्य विभाग के प्रमुख यू कुआन ने कहा कि धार्मिक कार्यों पर पार्टी का नेतृत्व कायम रहना चाहिए।
शंघाई, रायटर। जातीय एकजुटता और धार्मिक सद्भाव को बढ़ावा देने के लिए धर्म को चीन के अनुरूप ढालने का काम जारी रहना चाहिए। यह बात चीन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने पश्चिमी अशांत प्रांत शिनजियांग की इस सप्ताह अपनी यात्रा के दौरान कही। बता दें कि इस क्षेत्र में काफी अधिक संख्या में मुस्लिम रहते हैं।
चीन की सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ ने सत्तारूढ़ कम्युनिस्ट पार्टी के संयुक्त मोर्चा कार्य विभाग के प्रमुख यू कुआन का हवाला देते हुए कहा कि धार्मिक कार्यों पर पार्टी का नेतृत्व कायम रहना चाहिए। साथ ही धार्मिक उग्रवाद की घुसपैठ पर कठोरता से प्रतिबंध लगाया जाना चाहिए।
बता दें कि शिनजियांग प्रांत में उइगर और दूसरे मुस्लिमों की बड़े पैमाने पर हिरासत और सख्त निगरानी पर कई देशों ने एतराज जताया है। अमेरिका तो मानवाधिकारों का दुरुपयोग करने के आरोपों से जुड़े अधिकारियों और कंपनियों के खिलाफ प्रतिबंध लगाने पर विचार कर रहा है।
भेदभाव के मुद्दे पर चीन का कहना है कि यह अशांत प्रांत इस्लामी उग्रवाद और अलगाववाद से खतरे से जूझ रहा है। उन्होंने प्रांत में किसी भी समुदाय के खिलाफ दुर्व्यवहार के आरोपों को नकारा है।