डोकलाम गतिरोध के बाद चेंगदू शहर में भारत और चीन का पहला सैन्य अभ्यास
चीन के चेंगदू शहर में भारत और चीन की सेनाओं के बीच सातवें दौर का आतंकवाद निरोधक सैन्य अभ्यास शनिवार को समाप्त हो गया।
बीजिंग, प्रेट्र। चीन के चेंगदू शहर में भारत और चीन की सेनाओं के बीच सातवें दौर का आतंकवाद निरोधक सैन्य अभ्यास शनिवार को समाप्त हो गया। इस दौरान दोनों देशों के 100 से अधिक सैनिकों ने अभ्यास किया और आपस में मित्रता और विश्वास की भावना विकसित करने के लिए साथ-साथ ही रहे।
इस वर्ष का 'हैंड इन हैंड' अभ्यास का मुख्य जोर शहरी आतंकवाद पर था। यह इस लिहाज से महत्वपूर्ण था, क्योंकि डोकलाम गतिरोध के बाद दोनों देशों के बीच यह पहला सैन्य अभ्यास था। यह अभ्यास पिछले वर्ष नहीं हुआ था, क्योंकि दोनों देशों की सेनाओं के बीच डोकलाम में 73 दिन तक गतिरोध रहा था।
यह विशेष अभ्यास इस वर्ष वुहान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग के बीच हुई शिखर बैठक में दोनों देशों की सेनाओं के संबंध सुधारने के लिए बनी सहमति के अनुरूप किया गया। इस अभ्यास में दोनों देशों के सैनिकों की मिली-जुली टीमों ने 11 दिसंबर से सात दौर के अलग-अलग आतंकवाद निरोधक अभ्यासों का प्रदर्शन किया। 2016 में यह अभ्यास पुणे में हुआ था जिसमें गैर शहरी क्षेत्रों में आतंकवाद निरोधक अभ्यासों पर जोर दिया गया था।