चीन ने जारी किया अमेरिकी सैन्य अड्डे पर हमले का नकली वीडियो, हॉलीवुड फिल्म जैसा ट्रेलर
गुआम अमेरिका का एक बड़ा सैन्य अड्डा है जहां एयरबेस भी मौजूद हैं। हिंद-प्रशांत क्षेत्र में किसी संघर्ष की स्थिति में यह अमेरिकी सैन्य अड्डा अहम साबित हो सकता है। फिलहाल अमेरिका की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
बीजिंग, एजेंसी। अमेरिका से तनातनी के बीच चीनी वायुसेना ने प्रशांत महासागर में गुआम द्वीप स्थित अमेरिकी सैन्य अड्डे पर हमले का नकली वीडियो जारी किया है। इसमें चीनी सेना ने अपने एच-6 परमाणु बॉम्बर का इस्तेमाल किया है। इस नकली वीडियो में यह बॉम्बर बम गिराता दिखाई दे रहा है।
पीपुल्स लिबरेशन आर्मी के वीबो अकाउंट पर शनिवार को यह वीडियो डाला गया था। यह अमेरिका के एक शीर्ष अधिकारी की ताइवान यात्रा को लेकर चीन की खीझ को दर्शाता है। गुआम अमेरिका का एक बड़ा सैन्य अड्डा है, जहां एयरबेस भी मौजूद हैं। हिंद-प्रशांत क्षेत्र में किसी संघर्ष की स्थिति में यह अमेरिकी सैन्य अड्डा अहम साबित हो सकता है।
चीनी वायुसेना का दो मिनट 15 सेकेंड का यह वीडिया किसी हॉलीवुड फिल्म की ट्रेलर जैसा लगता है। इसमें चीन का एच-6 बॉम्बर रेगिस्तान में स्थित किसी एयरबेस से उड़ान भरता दिखाई देता है। इसके साथ आवाज सुनाई देती है- युद्ध के देवता एच-6के हमले पर जा रहे हैं। वीडियो में आगे दिखाया जाता है कि पायलट आसमान में एक बटन दबाता है और एक मिसाइल समुद्र किनारे स्थित एक रनवे पर गिरकर फट जाती है। मिसाइल के रनवे से टकराते ही इसका एक उपग्रह चित्र दिखाया जाता है। यह स्थान ठीक वैसा ही दिखाई देता है, जैसा कि गुआम स्थित अमेरिकी सैन्य अड्डा है। वीडियो में म्यूजिक का भी इस्तेमाल किया गया है। वीडियो में कहा गया है कि हम मातृभूमि की हवाई सुरक्षा के प्रहरी हैं। हम अपने आसमान की सुरक्षा करने का भरोसा रखते हैं और क्षमता भी।
इस वीडियो को लेकर चीनी रक्षा मंत्रालय और अमेरिकी हिंद-प्रशांत कमान की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। सिंगापुर के इंस्टीट्यूट ऑफ डिफेंस एंड स्ट्रेटेजिक स्टडीज के रिसर्च फेलो कोलिन कोह ने कहा कि चीन ने यह वीडियो जारी कर लंबी दूरी तक मार करने की अपनी क्षमता दिखाने की कोशिश की है। इसके जरिये चीन ने अमेरिका को ताइवान और दक्षिण चीन सागर विवाद से दूर रहने की चेतावनी भी दी है।