सिंध में पाकिस्तानी वायु सेना के साथ संयुक्त युद्धाभ्यास पर चीन ने दी सफाई, भारत को लेकर कही यह बात
पाकिस्तान के दक्षिणी प्रांत सिंध में पाकिस्तानी और चीनी वायुसेना संयुक्त युद्धाभ्यास कर रही हैं। दिसंबर के दूसरे महीने में शुरू हुआ शाहीन-नौ नामक युद्धभ्यास इस महीने के आखिर तक चलेगा। चीन के रक्षा मंत्री वेई फेंगे के हाल के पाकिस्तान दौरे के बाद यह युद्धाभ्यास हो रहा है।
बीजिंग, प्रेट्र। पाकिस्तानी वायुसेना के साथ चल रहे अपने संयुक्त युद्धाभ्यास का चीन ने बचाव किया है। चीन का कहना है कि यह युद्धाभ्यास किसी तीसरे देश के खिलाफ नहीं है और भारत को इसे निष्पक्ष रूप से देखना चाहिए। पाकिस्तान के दक्षिणी प्रांत सिंध में पाकिस्तानी और चीनी वायुसेना संयुक्त युद्धाभ्यास कर रही हैं। दिसंबर के दूसरे महीने में शुरू हुआ शाहीन-नौ नामक युद्धभ्यास इस महीने के आखिर तक चलेगा। चीन के रक्षा मंत्री वेई फेंगे के हाल के पाकिस्तान दौरे के बाद यह युद्धाभ्यास हो रहा है।
कहा, यह किसी तीसरे देश के खिलाफ नहीं
फेंगे के दौरे के दौरान दोनों देशों के बीच एक सहमति पत्र पर भी हस्ताक्षर किए गए थे, लेकिन उसके बारे में विस्तृत जानकारी किसी भी तरफ से नहीं दी गई। यह पूछे जाने पर कि क्या इस युद्धाभ्यास का मकसद नई दिल्ली को संदेश देना है, चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता वांग वेनबिन ने कहा कि यह युद्धाभ्यास नियमित व्यवस्था का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि बारहमासी रणनीतिक सहयोग भागीदारों के रूप में चीन और पाकिस्तान के बीच राजनीति, आर्थिक, सैन्य और सुरक्षा के क्षेत्र में मित्रवत आदान-प्रदान और सहयोग बना हुआ है।
प्रवक्ता ने कहा, 'हम संयुक्त रूप से क्षेत्रीय शांति और स्थिरता को बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं। दोनों देशों की सेनाओं के बीच प्रासंगिक सहयोग एक नियमित व्यवस्था है। यह किसी तीसरे पक्ष के खिलाफ नहीं है। हमें उम्मीद है कि प्रासंगिक पक्ष भी इसे इसी तरह से देखेगा।' वांग ने यह कहते हुए भारत का नाम नहीं लिया।