हांगकांग में गिरफ्तारी करने वालों पर अमेरिका की टेढी नजर, विदेश मंत्री पोंपियो ने दी प्रतिबंधों की चेतावनी
हांगकांग में लोकतंत्र समर्थकों की गिरफ्तारी करने वालों पर अमेरिका की कड़ी नजर है। अमेरिकी विदेश मंत्री माइक पोंपियो (Mike Pompeo) ने कहा है कि वे गिरफ्तारी करने में लिप्त लोगों को खिलाफ नए प्रतिबंध लगाने पर विचार कर रहे हैं।
वाशिंगटन, रायटर। हांगकांग में लोकतंत्र समर्थक पचास लोगों की राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के उल्लंघन में गिरफ्तारी का मामला तूल पकड़ गया है। अमेरिकी विदेश मंत्री माइक पोंपियो (Mike Pompeo) ने कहा है कि वे गिरफ्तारी करने में लिप्त लोगों को खिलाफ नए प्रतिबंध लगाने पर विचार कर रहे हैं। अमेरिकी विदेश मंत्री (US Secretary of State) ने चेतावनी देते हुए कहा है कि उन्हें आश्चर्य है कि राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत अमेरिका के नागरिकों की भी गिरफ्तारी कर ली गई।
अमेरिकी विदेश मंत्री माइक पोंपियो (Mike Pompeo) ने कहा है कि अमेरिकी नागरिकों को अवैध हिरासत और उत्पीड़न को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि हांगकांग (Hong Kong) के लोकतंत्र समर्थक प्रमुख नेता जोशुआ वोंग साढ़े बारह महीने की सजा काट रहे हैं। अब उन पर भी राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई के संबंध में दिए गए नोटिस को उनके फेसबुक अकाउंट पर देखा गया है।
इधर हांगकांग (Hong Kong) में गिरफ्तार मानवाधिकार मामलों के अमेरिकी वकील जॉन क्लेंसी (John Clancey) को अदालत ने जमानत दे दी है। जॉन को लोकतंत्र कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ गिरफ्तार किया गया था। हांगकांग में बुधवार को राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत 53 लोगों को गिरफ्तार किया गया था। इनमें जॉन क्लेंसी (John Clancey) भी शामिल थे। पुलिस का मानना है कि इन सभी पर पिछले साल सरकार के कार्य में अवरोध पैदा करने और राज्य के खिलाफ काम करने का आरोप है।
जॉन क्लेंसी (John Clancey) यहां लॉ फर्म में काम करते हैं। मालूम हो कि हांगकांग (Hong Kong) में राष्ट्रीय सुरक्षा कानून लागू होने के विरोध में लोकतंत्र समर्थकों ने जबर्दस्त आंदोलन चलाया है। सरकार के विरोध में पिछले साल भर यह आंदोलन चलता रहा। इस आंदोलन में क्लेंसी (John Clancey) की सक्रिय भूमिका रही थी। लोकतंत्र समर्थकों के इस आंदोलन में राजनीतिक संगठन के वह (John Clancey) कोषाध्यक्ष हैं।