चीन में लाखों की कोरोना जांच के आदेश, ब्रिटेन में नए उपायों की तैयारी, फ्रांस के पीएम ने दी यह चेतावनी
चीन के तटीय शहर चिंगदाओ में नए संक्रमित मिलने पर 90 लाख से ज्यादा लोगों की जांच ा आदेश दिया गया है। अगले पांच दिन के दौरान पूरे शहरवासियों का कोरोना टेस्ट किया जाएगा। इस शहर में नौ संक्रमित पाए जाने के बाद यह कदम उठाया गया है।
बीजिंग, एजेंसियां। फ्रांस और ब्रिटेन में कोरोना के नए मामले कम नहीं हो रहे हैं। यही कारण है कि फ्रांस के प्रधानमंत्री ज्यां कास्टेक्स ने देश में कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए नई पाबंदियां लगाने की चेतावनी दी है। वहीं महामारी की दूसरी लहर से जूझ रहे ब्रिटेन में संक्रमण पर अंकुश पाने के लिए नए उपायों को लागू किए जाने की तैयारी है। चीन के तटीय शहर चिंगदाओ में नए संक्रमित मिलने पर 90 लाख से ज्यादा लोगों की जांच आदेश दिया गया है।
ब्रिटेन में संक्रमण रोकने को नए उपायों की तैयारी
दूसरे दौर की कोरोना महामारी से जूझ रहे ब्रिटेन में संक्रमण पर अंकुश पाने के लिए नए उपाए किए जाने की तैयारी है। प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन इसका जल्द एलान करेंगे। नए कदमों के तहत उत्तरी इंग्लैंड में बार, जिम, कैसिनो और किताब बाजारों को बंद किया जा सकता है। इस क्षेत्र में तेजी से कोरोना पांव पसार रहा है। बिटेन में रविवार को 12 हजार 872 नए केस मिलने से पीडि़तों का आंकड़ा छह लाख के पार पहुंच गया। इनमें से 42 हजार 825 की मौत हुई है।
फ्रांसीसी पीएम ने दी नई पाबंदियां लगाने की चेतावनी
फ्रांस के प्रधानमंत्री ज्यां कास्टेक्स ने देश में कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए नई पाबंदियां लगाने की चेतावनी दी है। प्रधानमंत्री की यह चेतावनी ऐसे समय सामने आई, जब देश में दूसरी बार कोरोना संक्रमण फैल रहा है। अस्पतालों में पीडि़तों की बाढ़ आ गई है। देशभर में सप्ताहांत के दौरान करीब 43 हजार नए केस पाए गए। फ्रांस में अब तक कुल सात लाख 35 हजार संक्रमित पाए गए और 32 हजार 730 की जान गई है।
चीन में 90 लाख से ज्यादा की जांच के आदेश
चीन के तटीय शहर चिंगदाओ में नए संक्रमित मिलने पर 90 लाख से ज्यादा लोगों की जांच आदेश दिया गया है। अगले पांच दिन के दौरान पूरे शहरवासियों का कोरोना टेस्ट किया जाएगा। इस शहर में नौ संक्रमित पाए जाने के बाद यह कदम उठाया गया है। इनमें से ज्यादातर पीडि़तों का संबंध एक अस्पताल से बताया जा रहा है।
अब तक एक लाख 14 हजार टेस्ट
चीन के राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग ने बताया कि अधिकारी चिंगदाओ के म्यूनिसिपल चेस्ट हॉस्पिटल के आठ और एक अन्य व्यक्ति के संक्रमित होने के स्रोत का पता लगा रहे हैं। पूरे शहरवासियों की पांच दिन में जांच की जाएगी। संक्रमण की रोकथाम के लिए यह कदम उठाया जा रहा है। चिंगदाओ के अस्पतालों में अब तक एक लाख 14 हजार 862 स्टाफ और मरीजों का टेस्ट किया गया। इनमें से सभी का टेस्ट निगेटिव पाया गया है।
वुहान में एक करोड़ दस लाख लोगों की जांच
इसी तरह गत मई में वुहान में एक करोड़ दस लाख लोगों की जांच की गई थी। यह शहर चीन में एक समय महामारी का केंद्र था। चीन में सबसे ज्यादा संक्रमित यहीं पाए गए थे। वुहान में ही गत दिसंबर में कोरोना का पहला मामला मिला था। चीन में अब तक कुल 85 हजार 557 संक्रमित पाए गए। इनमें से 218 का अस्पतालों में इलाज चल रहा है। 80 हजार 704 उबर चुके हैं। जबकि कुल 4,634 पीडि़तों की मौत हुई है।
एक नजर इन देशों पर
ब्राजील : कोरोना से मरने वालों की संख्या डेढ़ लाख के पार पहुंच गई है। इस लैटिन अमेरिकी देश में अब तक 50 लाख से ज्यादा पीडि़त मिले हैं।
नेपाल : इस हिमालयी देश के शिक्षा मंत्री गिरिराज मणि का कोरोना टेस्ट पॉजिटिव पाया गया है। वह संक्रमित होने वाले दूसरे कैबिनेट मंत्री हैं।
इजरायल : देशभर में 618 नए केस मिलने से संक्रमित लोगों का आंकड़ा दो लाख 90 हजार से अधिक हो गया। कुल 1,980 पीडि़तों की मौत हुई है।
संयुक्त अरब अमीरात : इस खाड़ी देश में 1,096 नए पॉजिटिव मिलने से पीडि़तों की तादाद एक लाख छह हजार 229 हो गई है। कुल 445 मौत हुई है।
ईरान : बीते 24 घंटे में 272 पीडि़तों के दम तोड़ने से मरने वालों की संख्या 28 हजार 816 हो गई है। यहां अब तक कुल पांच लाख संक्रमित मिले हैं।