निकारागुआ की उपराष्ट्रपति पर अमेरिका ने लगाया प्रतिबंध
अमेरिका का कहना है कि मुरिलो ने हत्या, उत्पीड़न और अपहरण में लिप्त एक संगठन को बढ़ावा दिया है।
वाशिंगटन, आइएएनएस। अमेरिका ने निकारागुआ की उपराष्ट्रपति रोसेरियो मुरिलो पर प्रतिबंध लगाने का एलान किया है। राष्ट्रपति डेनियल ओर्टेगा की पत्नी मुरिलो पर यह प्रतिबंध भ्रष्टाचार और मानवाधिकारों के उल्लंघन के आरोपों के कारण लगाया गया। अमेरिका का कहना है कि मुरिलो ने हत्या, उत्पीड़न और अपहरण में लिप्त एक संगठन को बढ़ावा दिया है। मुरिलो एक दशक से ज्यादा समय से ओर्टेगा के साथ मिलकर निकारागुआ पर शासन कर रही हैं।
प्रतिबंधों के तहत अमेरिकी नागरिक, बैंक और कंपनी इस दंपती के साथ किसी तरह का लेनदेन नहीं करेंगे। इसके अलावा अमेरिकी अधिकार क्षेत्र में आने वाली उनकी सभी परिसंपत्तियों को सील कर दिया गया है। अमेरिकी कोषागार ने बताया कि विभाग ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नए एक्जीक्यूटिव आदेश के तहत कदम उठाया है।
मुरिलो को निकारागुआ की लोकतांत्रिक व्यवस्था को चोट पहुंचाने का आरोपित मानते हुए सजा के तौर पर ट्रंप ने यह आदेश जारी किया है। दंपती के सुरक्षा सलाहकार और सहयोगी नेस्टर मोनकाडा लाउ पर भी प्रतिबंध लागू किया गया है। लाउ पर आरोप है कि उन्होंने इस साल की शुरुआत में हुए सरकार विरोधी प्रदर्शनों के दौरान प्रदर्शनकारियों पर हमले के लिए हथियारबंद समूहों को पैसे दिए थे।