ट्रंप ने दी डब्ल्यूटीओ से बाहर निकलने की धमकी, जानिए क्या है कारण
ब्लूमबर्ग न्यूज से साक्षात्कार में ट्रंप ने कहा, संगठन की संरचना और नियमों में अगर बदलाव नहीं किया गया तो अमेरिका उसे छोड़ देगा।
वाशिंगटन, एएफपी। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अब विश्व व्यापार संगठन (डब्ल्यूटीओ) से बाहर निकलने की धमकी दी है। उन्होंने कहा है कि संगठन की संरचना में सुधार किया जाए अन्यथा अमेरिका उसे छोड़ देगा। कई वैश्विक संस्थाओं और समझौतों से बाहर निकलने के बाद यह ट्रंप की ओर से आई ताजा धमकी है।
ब्लूमबर्ग न्यूज से साक्षात्कार में ट्रंप ने कहा, संगठन की संरचना और नियमों में अगर बदलाव नहीं किया गया तो अमेरिका उसे छोड़ देगा। उन्होंने कहा कि व्यापार करने के लिहाज से यह सबसे बुरा संगठन है। इससे पहले भी ट्रंप डब्ल्यूटीओ के विवाद सुलझाने के सिस्टम की निंदा कर चुके हैं और इसे अमेरिका के खिलाफ बता चुके हैं। उन्होंने कहा कि नियम ऐसे बनाए गए हैं कि किसी भी मामले में अमेरिका के पक्ष में फैसला आना बहुत मुश्किल है। हालांकि इन नियमों में बदलाव की शुरुआत 2017 से हो चुकी है। ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि डब्ल्यूटीओ जान गया है कि अगर सुधार न किया गया तो अमेरिका बाहर चला जाएगा।
अमेरिका के साथ व्यापार युद्ध में शामिल चीन सन 2001 में डब्ल्यूटीओ में शामिल हुआ। संगठन में अमेरिका के प्रतिनिधि रॉबर्ट लाइटहाइजर ने इसे एक गलती करार दिया है। ट्रंप की ओर से डब्ल्यूटीओ से बाहर निकलने की धमकी उस समय आई है जब उसके व्यापार साझीदारों ने आयात पर भारी शुल्क के लिए अमेरिका के खिलाफ संगठन में विरोध दर्ज कराया है। इस्पात और एल्युमीनियम पर भारी आयात शुल्क लगाए जाने पर भारत भी अमेरिका के खिलाफ डब्ल्यूटीओ में गया है।