अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप बोले, पुतिन हमसे रूस पर लगे प्रतिबंधों को हटाने को लगा सकते हैं गुहार
US President Donald Trump ने कहा कि उनके रूसी समकक्ष व्लादिमीर पुतिन निकट भविष्य में होने वाली टेलीफोन वार्ता में रूस पर लगे प्रतिबंधों को हटाने का अनुरोध कर सकते हैं।
वाशिंगटन, एएफपी। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (US President Donald Trump) ने संभावना जताई है कि उनके रूसी समकक्ष व्लादिमीर पुतिन निकट भविष्य में होने वाली टेलीफोन वार्ता में रूस पर लगे प्रतिबंधों को हटाने का अनुरोध कर सकते हैं। ट्रंप ने यह बात फॉक्स न्यूज से वार्ता में कही। हालांकि ट्रंप ने यह नहीं बताया कि यदि पुतिन ऐसा करते हैं तो वह उनके अनुरोध का क्या जवाब देंगे।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि मैंने रूस पर प्रतिबंध जरूर लगाए हैं लेकिन मैं इनको अच्छा नहीं मानता। मैं चाहता हूं कि दोनों ही मुल्क साथ-साथ तरक्की करें। ट्रंप ने बताया कि उनकी जल्द ही राष्ट्रपति पुतिन से बातचीत होगी। बीते गुरुवार को पुतिन ने जी 20 देशों के नेताओं से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये कहा था कि कोरोना वायरस को लेकर दुनिया में छिड़ी जीवन और मौत की लड़ाई के दौर में प्रतिबंध के प्रावधानों को स्थगित किया जाना चाहिए।
उल्लेखनीय है कि अमेरिका और यूरोपीय देशों ने रूस सहित दुनिया के कई देशों पर कई तरह के प्रतिबंध लगा रखे हैं। पुतिन ने अपनी टिप्पणी में किसी देश का उल्लेख नहीं किया था। लेकिन हाल के कोरोना वायरस प्रकोप और सऊदी अरब के साथ चल रहे तेल मूल्य के मुकाबले में रूस इन दिनों भारी आर्थिक नुकसान झेल रहा है। ट्रंप बताया कि वह तेल के मूल्यों में आई भारी गिरावट पर बात करेंगे। इससे अमेरिका के ऊर्जा उद्योग को भी काफी नुकसान हुआ है।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने पुतिन से वेनेजुएला के मामले में भी बात होने की संभावना जताई। अमेरिका वहां के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को हटाना चाहता है। फिलहाल, अमेरिका कोरोना वायरस के चलते संकट के दौर से खुद ही गुजर रहा है। आलम यह है कि अर्थव्यवस्था को झटका लगने के डर से देशभर में लॉकडाउन नहीं किया जा रहा है। हेल्थ एक्सपर्ट्स का कहना है कि अमेरिका में एक लाख से ज्यादा लोगों की मौत कोरोना वायरस से ही हो सकती है।