किम जोंग उन से बातचीत जारी रखने पर राष्ट्रपति ट्रंप हुए राजी, दक्षिण कोरिया का खुलासा
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप परमाणु निरस्त्रीकरण के मसले पर उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन के साथ बातचीत को राजी हो गए हैं। दक्षिण कोरिया ने यह जानकारी दी है।
सियोल, रायटर। उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन के साथ परमाणु वार्ता में आए गतिरोध को को दूर करने के प्रयास में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने दक्षिण कोरियाई समकक्ष जे-इन मून से फोन पर करीब आधे घंटे तक बातचीत की। इस दौरान दोनों नेताओं ने उत्तर कोरिया के साथ कूटनीतिक संबंध और वार्ता जारी रखने के तौर-तरीके पर चर्चा की।
हालात का किया आकलन
दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति भवन ब्लू हाउस ने शनिवार को बयान में बताया, 'ट्रंप और मून में इस बात को लेकर सहमति बनी कि कोरियाई प्रायद्वीप में हालात गंभीर होते जा रहे हैं। परमाणु निरस्त्रीकरण के लक्ष्य को हासिल करने के लिए उत्तर कोरिया के साथ वार्ता को जारी रखा जाना चाहिए।' अभी हाल ही में उत्तर कोरिया ने कहा था कि परमाणु वार्ता को बचाने का बेहद कम वक्त बचा है और यह अमेरिका पर निर्भर करता है कि उसे क्रिसमस पर हमसे कौन सा उपहार चाहिए।
बेनतीजा रही है वार्ता
परमाणु मसले पर ट्रंप और उत्तर कोरिया के सर्वोच्च नेता किम जोंग उन के बीच दो बार शिखर वार्ता हो चुकी है। पहली बार दोनों नेताओं ने गत वर्ष जून में सिंगापुर में बातचीत की थी। इसके बाद उनकी दूसरी वार्ता इस साल फरवरी में वियतनाम में हुई थी, लेकिन उत्तर कोरिया पर लगे प्रतिबंधों को हटाने की मांग पर यह वार्ता बेनतीजा समाप्त हो गई थी। तब से यह वार्ता ठहरी हुई है।
किम ने तय की है समय सीमा
उत्तर कोरिया ने वार्ता में आए ठहराव के लिए अमेरिका को जिम्मेदार ठहराया है। किम ने यह साफ कहा है कि वह इस साल के आखिर तक अमेरिका के रुख में लचीलेपन का इंतजार करेंगे। इसके बाद उत्तर कोरिया अपना अलग रास्ता अपना लेगा। उत्तर कोरिया के विदेश मंत्रालय ने हाल में अपने कई बयानों में अमेरिका को यह आगाह किया है कि वह समय सीमा को नजरअंदाज नहीं करे।