अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडन ने ट्रंप के फैसले का पलटा, US पेरिस जलवायु समझौते पर वापस लौटा
ट्रंप प्रशासन ने इस समझौते से हटने की घोषणा 2017 में की थी लेकिन यह अमेरिका में चुनाव के एक दिन बाद 4 नवंबर 2020 से प्रभावी हुआ था। संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंतोनियो गुतेरस ने इसे बहुत ही महत्वपूर्ण बताया है।
वाशिंगटन, एजेंसी। अमेरिका 107 दिनों के बाद पेरिस जलवायु समझौते पर आधिकारिक रूप से वापस लौट आया है। शुक्रवार को उसके समझौते पर लौटने को प्रतीकात्मक माना गया है। विश्व के नेताओं का मानना है कि अमेरिका के चार साल तक अनुपस्थित रहने का समय बहुत ज्यादा है और अब उसे इस समझौते के प्रति अपनी गंभीरता को साबित करना होगा। अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने एक माह पहले संयुक्त राष्ट्र में घोषणा की थी कि वे पेरिस जलवायु समझौते पर वापस लौटेंगे।
उनकी घोषणा के एक माह बाद यह आधिकारिक घोषणा की गई है। बाइडन ने अपने पहले दिन कार्य शुरू करते ही अपने पूर्ववर्ती डोनाल्ड ट्रंप के आदेश को वापस करने के लिए कार्यकारी आदेश जारी किया था। ट्रंप प्रशासन ने इस समझौते से हटने की घोषणा 2017 में की थी, लेकिन यह अमेरिका में चुनाव के एक दिन बाद 4 नवंबर 2020 से प्रभावी हुआ था। पेरिस समझौते पर वापस लौटने की घोषणा को संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंतोनियो गुतेरस ने बहुत ही महत्वपूर्ण बताया है।
उन्होंने कहा कि अमेरिका अब उत्सर्जन में महत्वपूर्ण कटौती करके पूरे विश्व के सामने उदाहरण पेश करेगा। पहले से ही सबसे ज्यादा उत्सर्जन करने वाले चीन सहित 120 देशों ने यह वादा किया है कि वे आधी शताब्दी तक जीरो कार्बन उत्सर्जन के अपने लक्ष्य तक पहुंचेंगे।