UN महासचिव ने कहा- लॉकडाउन में महिलाएं घरेलू हिंसा का शिकार, सरकारों से की रक्षा की अपील
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने रविवार को दुनिया भर की सरकारों से आग्रह किया है कि कोरोना महामारी के प्रकोप से महिलाओं की रक्षा करें।
वाशिंगटन, एजेंसी। संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने रविवार को दुनिया भर की सरकारों से आग्रह किया है कि कोरोना महामारी के प्रकोप से महिलाओं की रक्षा करें। उन्होंने कहा कि लॉकडाउन के दौरान महिलाएं घरेलू हिंसा का सामना कर रहीं हैं। उन्होंने घरों में हो रहे महिलाओं के अत्याचार को रोकने की अपील की है। संयुक्त राष्ट्र प्रमुख ने ट्विटर पर कहा कि मैं सभी सरकारों से महिलाओं की सुरक्षा का आग्रह करता हूं।
कोरोना महामारी में लॉकडाउन के दौरान घरेलू तनाव में इजाफा
गुटेरेस ने कहा कि कोरोना महामारी में लॉकडाउन के दौरान घरेलू तनाव में इजाफा हुआ है। इससे आर्थिक दबाव और सामाजिक तनाव में वृद्धि हुई है। इसके चलते घरेलू हिंसा में नाटकीय रूप से तेजी आई है। उन्होंने कहा कि लगभग सभी देशों में दुर्व्यवहार का सामना करना पड़ रहा है। गुटेरेस ने कहा कि लगभग एक चौथाई महिला कॉलेज की छात्राओं ने उप-सहारा अफ्रीका के कुछ हिस्सों में यौन उत्पीड़न और कदाचार की जानकारी दी है। संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में एक ब्रीफिंग के दौरान गुटेरेस ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) जल्द ही कोरोना महामारी पर चर्चा करने के लिए एक बैठक का आयोजन कर सकता है, जिसने दुनिया भर में 1.2 करोड़ से अधिक लोग संक्रमित है।
यूएनएससी के सदस्य देश महामारी पर चर्चा के लिए जल्द ही बैठक करेंगे
दुनिया पर मंडरा रहे कोरोना वायरस के खतरे के बीच संयुक्त राष्ट्र के महाचसिव एंटोनियो गुटेरेस ने कहा है कि संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) के सदस्य देश महामारी पर चर्चा के लिए जल्द ही बैठक करेंगे। कोरोना वायरस की वजह से दुनिया भर में 10 लाख 20 हजार से ज्यादा लोग संक्रमित हैं, जबकि 70 हजार के करीब लोगों की मौत हो चुकी है। संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में एक ब्रीफिंग के बाद मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए गुटेरेस ने कहा, 'मुझे सुरक्षा परिषद के अध्यक्ष द्वारा संबोधन का निमंत्रण मिला है, जो मैं अलगे हफ्ते करूंगा।' बता दें कि कोरोना वायरस के वैश्विक प्रकोप के बाद से 15 सदस्यीय सुरक्षा परिषद ने एक बार भी बैठक नहीं की है। डोमिनिकन रिपब्लिक ने चीन के बाद एक अप्रैल से यूएनएससी की अध्यक्षता संभाली है। इससे पहले 31 मार्च तक यह पद चीन के पास था।
वुहान में धीरे-धीरे सामान्य हो रहे हालात
चीन के वुहान जिले में स्थितियां धीरे-धीरे सामान्य हो रही हैं। जिले के नौ इलाकों को 'लो रिस्क' घोषित कर दिया गया जबकि चार अन्य इलाकों को 'मीडियम रिस्क' वाला घोषित किया गया है। 5.6 करोड़ की आबादी वाले हुबेई प्रांत का अब कोई भी जिला 'हाई रिस्क' की श्रेणी में नहीं है। वहीं चीन में संक्रमण के 30 नए मामले सामने आए हैं। इसमें स्थानीय संक्रमण के पांच मामले शामिल हैं। चीन के राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग (एनएचसी) ने कहा कि 47 दूसरे लोग भी संक्रमित मिले हैं, लेकिन उनमें लक्षण नहीं दिखाई दे रहे हैं। बिना लक्षण वाले 1,024 लोग अभी भी डॉक्टरों की निगरानी में हैं। इनमें से 244 विदेशी हैं। शनिवार को चीन में कोरोना से तीन और लोगों की मौत हुई है। ये सभी मौतें महामारी से सर्वाधिक प्रभावित हुबेई प्रांत में हुई। इस तरह चीन में महामारी से मरने वालों की तादाद 3,329 हो गई है। संक्रमित लोगों की बात करें तो इनकी संख्या 81,669 है।
टोक्यो में संक्रमण के 143 नए मामले
जापान की राजधानी टोक्यो में संक्रमण के 143 नए मामले सामने आए हैं। यह एक दिन में संक्रमित होने वाले लोगों की सर्वाधिक संख्या है। इस तरह टोक्यो में संक्रमित लोगों की संख्या का आंकड़ा एक हजार को पार कर गया है। पूरे देश की बात करें तो जापान में शुक्रवार तक 73 लोगों की मौत हुई जबकि तीन हजार से अधिक लोग संक्रमित हैं।
ईरान में लागू होगी स्मार्ट डिस्टेंसिंग योजना
ईरान के राष्ट्रपति हसन रूहानी ने कहा कि सोशल डिस्टेंसिंग के अच्छे परिणाम सामने आने के बाद अब देश में संक्रमण को रोकने के लिए 'स्मार्ट डिस्टेंसिंग' योजना को लागू किया जाएगा। बता दें कि शनिवार तक ईरान में महामारी से 3,603 लोगों की मौत हो चुकी थी जबकि 58,226 लोग संक्रमित हैं।