व्हाइट हाउस में अब्राहम लिंकन के साथ लगी राष्ट्रपति ट्रंप की पेंटिंग, लोगों ने उड़ाया मजाक
साक्षात्कार प्रसारित होने के तुरंत बाद, यह फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई और लोगों ने ट्रम्प का मजाक बनाना शुरू कर दिया।
वाशिंगटन,एएनआइ। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प हमेशा किसी न किसी वजह से चर्चा में जरूर रहते हैं। इस बार वे लेस्ली स्टाहल को दिए गए साक्षात्कार की वजह से सुर्ख़ियों में हैं। 60 मिनट के इस साक्षात्कार का प्रसारण रविवार रात को किया गया। इस दौरान व्हाइट हाउस में लगे एक पेंटिंग की झलक दिखाई दी जिसने हर किसी को हैरान कर दिया।
दरअसल, इस पेंटिंग में ट्रम्प के साथ अन्य पूर्व रिपब्लिकन राष्ट्रपति अब्राहम लिंकन, थियोडोर रूजवेल्ट, रोनाल्ड रीगन, जेराल्ड फोर्ड, ड्वाइट डेविड आइज़नहावर, रिचर्ड निक्सन, कॉल्विन कूलिज, दोनों बुश और वारन गैमेलियल हार्डिंग दिखाई दे रहे हैं। ट्रम्प को इनके साथ एक टेबल पर मुस्कराते देखा जा सकता है,
व्हाइट हाउस के जिस कमरे में 'द रिपब्लिकन क्लब' नामक यह पेंटिंग लगी है, उसमें कुछ दस्तावेज, रिमोट, एक टेलीफोन और स्टारबर्स्ट का एक बड़ा जार भी देखा जा सकता है।
सीएनएन के अनुसार प्रसारण से लगभग 60 मिनट पहले इस साक्षात्कार से जुड़ा एक फोटो ट्वीट किया गया, जिसमें यह पेंटिंग देखी जा सकती है। इस फोटो में अमेरिकी राष्ट्रपति ने एक सफेद शर्ट और रिपब्लिकन लाल टाई पहने हुए हैं व फ्रैंकलिन डी रूजवेल्ट को छोड़कर उन सभी राष्ट्रपतियों की फोटो देखी जा सकती है जिन्हें दो बार चुना गया था। बता दें कि फ्रैंकलिन डी रूजवेल्ट एक बार राष्ट्रपति चुने गए थे लेकिन विलियम मैककिन्ले की हत्या के बाद वे दूसरी बार राष्ट्रपति बने।
साक्षात्कार प्रसारित होने के तुरंत बाद, यह फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई और लोगों ने ट्रम्प का मजाक बनाना शुरु कर दिया।