अमेरिका में तीन भारतीय नागरिक गिरफ्तार, अवैध तौर पर देश में किया था प्रवेश
अमेरिका में तीन भारतीय नागरिक अवैध तौर पर घुसते हुए गिरफ्तार किए गए हैं। इन तीनों को बॉर्डर पेट्रोल एजेंट्स ने गिरफ्तार किया है।
न्यूयॉर्क,पीटीआइ। अमेरिका में तीन भारतीय नागरिक को गिरफ्तार किया गया है। तीनों को अवैध तौर पर देश में घुसते हुए गिरफ्तार किया गया है। इन तीनों को बॉर्डर पेट्रोल एजेंट्स ने गिरफ्तार किया है। बॉर्डर पेट्रोल एजेंट्स ने 24 जनवरी को देश की उत्तरी सीमा के साथ न्यूयॉर्क राज्य में मासेना के पास एक वाहन को रोक दिया।
वाहन चेकिंग के दौरान, एजेंटों को इन दो लोगों के बार में पता चला कि ये भारतीय नागरिक हैं। दोनों ने अवैध रूप से अमेरिका में प्रवेश किया था। आगे की कार्रवाई और आरोप तय करने के लिए दोनों को सीमा गश्त स्टेशन भेज दिया गया है।
वाहन चालक भी भारतीय नागरिक, पिछले साल अमेरिका से निकाल दिया गया था
वाहन चालक भी भारतीय नागरिक है, जो मूल रूप से 2012 में अमेरिका में अवैध रूप से प्रवेश किया था। उसे पिछले साल देश से निकाल दिया गया था। उसपर तस्करी और गुंडागर्दी का आरोप लगाया गया उस पर मानव तस्करी का मामला दर्ज किया गया है। इस मामले में जुर्म साबित होने पर जुर्माने के अलावा पांच साल तक की जेल हो सकती है।
भारतीय-अमेरिकी डॉक्टर ने धोखाधड़ी की साजिश में भूमिका स्वीकारी
एक भारतीय-अमेरिकी डॉक्टर और उसके सहयोगी ने संघीय बीमा कार्यक्रमों और निजी स्वास्थ्य बीमा कंपनियों को दो लाख डॉलर से अधिक की सेवाओं के लिए धोखाधड़ी करने की साजिश में अपनी भूमिका स्वीकार की है। स्वास्थ्य देखभाल सेवा में धोखाधड़ी करने की साजिश के लिए ट्रेंटन संघीय अदालत में अमेरिकी जिला न्यायाधीश पीटर शेरिडन के समक्ष न्यू जर्सी के 62 वर्षीय परमिंदरजीत संधू और ओहियो के परमजीत सिंह को दोषी करार दिया। दोनों को अप्रैल में सजा सुनाई जाएगी। दलील के समझौते के तहत, दोनों को 18 महीने जेल की सजा सुनाई जाएगी।
क्या है मामला
मामले में दायर दस्तावेजों और बयानों के अनुसार, अगस्त 2014 से अक्टूबर 2017 तक संधू और सिंह ने मेडिकेयर के लिए 2.2 मिलियन अमरीकी डालर का बिल दिया। उन्होंने निजी स्वास्थ्य बीमा कंपनियों की ओर से प्रदान किए जाने वाले स्वास्थ्य सेवाओं को संधू द्वारा प्रदान करने का दावा किया।