अमेरिका के टेक्सास में हजारों लोगों ने मनाया अश्वेत जॉर्ज फ्लॉयड की मौत का शोक
दो हफ्ते पहले हुई फ्लॉयड की मौत और नस्ली अन्याय को लेकर अमेरिका तथा अन्य देशों में प्रदर्शन अब भी जारी हैं।
ह्यूस्टन, एजेंसी। अमेरिकी अश्वेत जॉर्ज फ्लॉयड की मौत पर शोक मनाने के लिए यहां की एक चर्च के बाहर देशभर के हजारों लोग एकत्र हुए। उधर, अमेरिका में जॉर्ज फ्लॉयड की मौत और नस्लीय अन्याय के खिलाफ अमेरिका तथा अन्य पश्चिमी देशों में प्रदर्शनों का दौर जारी है। फ्लॉयड का शव शनिवार को ह्यूस्टन लाया गया और जहां मंगलवार को उसे दफनाया जाना है।
प्रदर्शन का दौर जारी
उधर, फ्लॉयड की मौत को दो हफ्ते गुजर जाने के बाद भी प्रदर्शन थमने का नाम नहीं ले रहे और चार्लोट-मेकलेनबर्ग के पुलिस अधिकारी को प्रदर्शनकारियों के गुस्से का शिकार होना पड़ा। सोमवार को प्रदर्शनकारियों ने सीएमपीडी कैप्टन ब्रेड कोच को नारेबाजी करते हुए घेर लिया और एक श्वेत पुरुष प्रदर्शनकारी ने उनके बाल काट दिए। टेक्सास के गवर्नर ग्रेग अबॉट ने सोमवार को जॉर्ज फ्लॉयड के परिवार से मुलाकात की और अपनी संवेदनाएं जाहिर की। उन्होंने फ्लॉयड के परिवार को उसके सम्मान में टेक्सास कैपिटल में फहराया गया एक झंडा भी सौंपा। अबॉट ने पुलिसिया तंत्र में सुधार को समर्थन देने का भी संकेत दिया।
अंतिम दर्शन के लिए के लिए रखा गया जॉर्ज फ्लॉयड का शव
जॉर्ज फ्लॉयड के शव को अंतिम दर्शन के लिए दोपहर से शाम छह बजे तक छह घंटे तक के लिए रखा गया है। जॉर्ज फ्लॉयड के अंतिम दर्शन के लिए चिलचिलाती धूप में 5,000 शोकाकुल लोग मास्क और दस्ताने पहने कतार में खड़े रहे। लोगों ने कुछ क्षण उसके सुनहरे ताबूत के सामने खड़े होकर फ्लॉयड को श्रद्धांजलि दी। फ्लॉयड का मंगलवार को अंतिम संस्कार होना है। उसके शव को पर्ललैंड में ह्यूस्टन मेमोरियल गार्डन्स कब्रिस्तान में उसकी मां लार्सेनिया फ्लॉयड की कब्र के बगल में दफनाया जाएगा। फ्लॉयड का बचपन ह्यूस्टन के थर्ड वार्ड में हुआ था और वह अपने स्कूल का प्रसिद्ध फुटबॉल खिलाड़ी था जिसने स्थानीय लोकप्रिय डीजी स्क्रू के साथ रैप भी किया था। वह कई साल पहले काम के सिलसिले में मिनियापोलिस आ गया था।