Texas Shooting: टेक्सस गोलीबारी में अब तक हुई 19 बच्चों की मौत, जानें घटना पर किसने क्या कहा
Texas Shooting अमेरिका के टेक्सस के स्कूल में हुए गोलीकांड की खबर सुनकर हर कोई दहल गया है। इस घटना पर अमेरिका के राष्ट्रपति से लेकर संयुक्त राष्ट्र महासचिव ने खेद जताया है। साथ ही अमेरिकी राष्ट्रपति ने गन लाबी के खिलाफ एक अभियान छेड़ने की बात कही है।
वाशिंगटन/टेक्सस, आनलाइन डेस्क। अमेरिका के टेक्सस के एक स्कूल में गोलीबारी की घटना सामने आई है। बताया जा रहा है कि इस गोलीबारी में स्कूल के 19 बच्चों समेत 3 अन्य की मौत हो गई है। अमेरिकी मीडिया के अनुसार, वारदात को अंजाम देने वाले शूटर की उम्र 18 साल बताई जा रही है। टेक्सस के गर्वनर ने इस घटना पर दुख जताया है। साथ ही अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन, उपराष्ट्रपति कमला हैरिस और संयुक्त राष्ट्र महासचिव ने इस घटना पर अपनी संवेदनाएं व्यक्तत की है।
टेक्सास गोलीकांड पर राष्ट्रपति बाइडन की कड़ी चेतावनी
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने घटना पर दुख जताते हुए कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि एक राष्ट्र के रूप में हमें पूछना होगा कि भगवान के नाम पर हम कब बंदूक की लाबी के खिलाफ खड़े होंगे और हमें क्या करने की जरूरत है। राष्ट्रपति ने दुख जताते हुए कहा कि अब जो बच्चे इस गोलीबारी में मारे गए हैं उनके मां-बाप अब कभी भी अपने औलाद को नहीं देख पाएंगे। इस तरह की सरेआम और वीभत्सव गोलीबारी शायद ही कहीं दुनिया में होती होंगी। राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा कि कोई भी हमलावर छोड़ा नहीं जाएगा और अब बाते नहीं केवल कार्रवाई होगी। राष्ट्रपति ने मंगलवार को बंदूक रखने पर नए प्रतिबंधों की भी घोषणा की है।
घटना पर क्या बोलीं उपराष्ट्रपति कमला हैरिस
अमेरिकी उपराष्ट्रपति कमला हैरिस ने टेक्सस हमले की निंदा की। उन्होंने कहा कि अब बहुत हो गया, एक राष्ट्र के रूप में हमें कार्रवाई करनी चाहिए और ऐसी घटनाओं पर स्टैंड लेने का साहस रखना होगा। उन्होंने सभी से यह सुनिश्चित करने के लिए कहा है कि ऐसा फिर कभी न हो। उपराष्ट्रपति ने परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए आगे कहा कि हमारे दिल टूटते रहते हैं, लेकिन हमारे टूटे हुए दिल उन परिवारों के टूटे हुए दिलों की तुलना में कुछ भी नहीं हैं।
संयुक्त राष्ट्र महासचिव ने टेक्सास की घटना पर जताया दुख
संयुक्त राष्ट्र महासचिव ने टेक्सस की घटना पर दुख जताया है। संयुक्त राष्ट्र महासचिव के प्रवक्ता ने बताया कि उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है। वह टेक्सास के उवाल्डे के एक प्राथमिक विद्यालय में जघन्य सामूहिक गोलीबारी से दुखी हैं। यह विशेष रूप से हृदय विदारक है कि घटना में मारे गए अधिकांश मृतक बच्चे हैं।
क्या है मामला
बता दें कि एक बंदूक और राइफल लेकर 18 वर्षीय युवक उवालदे के राब एलीमेंट्री स्कूल में दाखिल हुआ था। इस दौरान उसने वहां मौजूद बच्चों पर गोलियां बरसाईं, जिसमें 19 बच्चों समेत 21 की मौत हो गई। घटना के बाद युवक भी मारा गया है। राष्ट्रपति जो बाइडन ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए कहा कि अमेरिका के सभी दूतावासों, विरासतों, कांसुलर कार्यालयों और सामूहिक कार्यालयों में अमेरिकी राष्ट्र ध्वज 28 मई सूर्सास्त तक आधा झुका रहेगा।