अमेरिका में कोरोना से बिगड़े हालात, कैलिफोर्निया में लोगों को घरों में ही रहने के आदेश
अमेरिका में कोरोना संक्रमण के चलते हालात बिगड़ने लगे हैं। कैलिफोर्निया प्रांत में लोगों को घरों में ही रहने का सख्त आदेश दिया गया है। रूस में भी संक्रमितों की संख्या कम नहीं हो रही है। रूस में बीते 24 घंटे में 28 हजार 142 केस पाए गए हैं।
लॉस एंजिलिस, एजेंसियां। अमेरिका में पहले दौर की महामारी का केंद्र रहे कैलिफोर्निया प्रांत में कोरोना का प्रकोप फिर बढ़ गया है। इससे निपटने के लिए प्रांत में लोगों को घरों में ही रहने का सख्त आदेश दिया गया है। कोरोना महामारी की दूसरी लहर की चपेट में आए अमेरिका में रोजाना रिकॉर्ड संख्या में नए मामले सामने आ रहे हैं। इसी का नतीजा है कि कोरोना मरीजों की कुल संख्या डेढ़ करोड़ के करीब पहुंच गई है। दो लाख 82 हजार से अधिक पीडि़तों की मौत हुई है।
कारोबारों को बंद करने के निर्देश
कैलिफोर्निया के गवर्नर गेविन न्यूसोम ने संक्रमण रोकने के प्रयास में तीन हफ्तों के लिए सख्त पाबंदियों का एलान किया। उन्होंने प्रभावित इलाकों में सोमवार से बार, सैलून, टैटू शॉप और रेस्तरां समेत कई कारोबारों को बंद करने का आदेश दिया है। लोगों के जमावड़ों पर भी रोक लगा दी है। मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया है। नए आदेश से दो करोड़ 30 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं।
कैलिफोर्निया के बाद टेक्सास में सबसे ज्यादा मरीज
कैलिफोर्निया में रविवार को 30 हजार से ज्यादा नए मामले पाए गए। एक दिन पहले करीब 22 हजार केस मिले थे। कैलिफोर्निया में अब तक कुल 13 लाख 70 हजार संक्रमित मिल चुके हैं। अमेरिक में कैलिफोर्निया के बाद टेक्सास में सबसे ज्यादा कोरोना रोगी हैं। इस प्रांत में 13 लाख 50 हजार से ज्यादा मामले पाए गए हैं। जबकि फ्लोरिडा में भी कोरोना पीडि़तों का आंकड़ा दस लाख के पार पहुंच गया है।
रूस में मिले 28 हजार संक्रमित
दूसरे दौर की कोरोना महामारी से जूझ रहे रूस में तेजी से संक्रमित बढ़ रहे हैं। कोरोना रिस्पांस सेंटर ने सोमवार को बताया कि देश में बीते 24 घंटे में 28 हजार 142 केस पाए गए। एक दिन पहले 29 हजार से ज्यादा मामलों की पुष्टि हुई थी। इससे कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर 24 लाख 88 हजार से ज्यादा हो गई। कुल 43 हजार 597 पीडि़तों की मौत हुई है।
एक नजर इन देशों पर
फ्रांस : इस यूरोपीय देश में कोरोना से मरने वालों की संख्या 55 हजार के पार हो गई है। अब तक 22 लाख 92 हजार से अधिक संक्रमित पाए गए हैं।
ब्रिटेन : 17 हजार 272 नए पॉजिटिव केस की पुष्टि होने से संक्रमित लोगों की संख्या 17 लाख 23 हजार हो गई। कुल 61 हजार 245 की मौत हुई है।
इटली : 24 घंटे में 18 हजार 887 नए पीडि़त मिलने से कुल मामले बढ़कर 17 लाख 28 हजार हो गए हैं। यहां 60 हजार से ज्यादा जान गई है।
ईरान : इस पश्चिम एशियाई देश में 11 हजार 561 नए केस पाए जाने से कुल पीड़ित 10 लाख 40 हजार हो गए हैं। 50 हजार से ज्यादा मौत हुई है।