शनि ग्रह पर मात्र इतने घंटे का होता है एक दिन, वैज्ञानिकों ने ऐसे सुलझाई गुत्थी
एस्ट्रोफिजिकल जर्नल में छपे एक अध्ययन के अनुसार, शनि का एक दिन धरती के दस घंटे, 33 मिनट और 38 सेकेंड के बराबर होता है।
द न्यूयॉर्क टाइम्स, वाशिंगटन। पृथ्वी को अपनी धुरी पर घूमते हुए सूर्य की परिक्रमा करने में 24 घंटे लगते हैं। जबकि बृहस्पति तेजी से घूमते हुए केवल 9.8 घंटे में ही यह परिक्रमा पूरी कर लेता है। इसके उलट शुक्र ग्रह 243 दिन में एक परिक्रमा पूरी करता है। इसी के चलते वहां का एक दिन धरती के 243 दिनों के बराबर होता है। वैज्ञानिकों ने हमारे सौरमंडल के इन ग्रहों पर दिन की अवधि का पता लगा लिया था, लेकिन शनि को लेकर अब तक रहस्य बना हुआ था। अब हालांकि उसपर से भी पर्दा उठ गया है।
एस्ट्रोफिजिकल जर्नल में छपे एक अध्ययन के अनुसार, शनि का एक दिन धरती के दस घंटे, 33 मिनट और 38 सेकेंड के बराबर होता है। शनि के अध्ययन के लिए भेजे गए कैसिनी अंतरिक्ष यान से जुटाई गई जानकारियों से इसका पता चला है। वैज्ञानिकों का कहना है कि इस रहस्य का जवाब शनि ग्रह के वलयों में ही छुपा था।
अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा के कैसिनी मिशन की प्रोजेक्ट वैज्ञानिक लिंडा स्पाइल्कर ने कहा, ‘शनि के वलय केवल उसकी खूबसूरती को नहीं बढ़ाते बल्कि इससे ग्रह के भीतर होने वाली प्राकृतिक घटनाओं का भी पता चलता है।’ शनि के घूमने पर उसके वलयों में तरंगें पैदा होती हैं। इन्हीं तरंगों के अध्ययन से ग्रह पर दिन की अवधि का पता लगा है। स्पाइल्कर ने कहा, ‘शनि के वलय में तरंगें पैदा होना ठीक वैसा ही है जैसा किसी घंटे के बजने पर होता है। यह अद्भुत है।’