Move to Jagran APP

Russia Ukraine War: पूर्वी यूक्रेन में भीषण लड़ाई; लुहांस्क पर कब्जे के करीब रूसी सेना, जेलेंस्की बोले- सभी क्षेत्र लेंगे वापस

पूर्वी यूक्रेन में भीषण लड़ाई चल रही है। रूस ने दावा किया है कि उसने मारीपोल पर कब्‍जा कर लिया है। यही नहीं रूसी सेना ने करीब 12 वर्ग किलोमीटर में फैली अजोवस्टाल स्टील फैक्ट्री को भी अपने कब्‍जे में कर लिया है।

By Krishna Bihari SinghEdited By: Published: Sat, 21 May 2022 08:47 PM (IST)Updated: Sun, 22 May 2022 12:50 AM (IST)
Russia Ukraine War: पूर्वी यूक्रेन में भीषण लड़ाई; लुहांस्क पर कब्जे के करीब रूसी सेना, जेलेंस्की बोले- सभी क्षेत्र लेंगे वापस
पूर्वी यूक्रेन के डोनेस्क और लुहांस्क में पिछले कई हफ्तों से भीषण लड़ाई जारी है। File Phtot

कीव, रायटर। पूर्वी यूक्रेन के डोनेस्क और लुहांस्क में पिछले कई हफ्तों से भीषण लड़ाई जारी है। रूसी सीमा के नजदीक के इस इलाके के एक हिस्से पर रूस समर्थित विद्रोहियों का 2014 से कब्जा है। विद्रोहियों के साथ मिलकर रूसी सेना ने दोनों प्रांतों में भारी तबाही मचाई है। लुहांस्क के करीब 90 प्रतिशत इलाके पर रूसी सेना का कब्जा हो चुका है। रूसी सेना अब यहां पर अंतिम वार कर रही है।

loksabha election banner

मारीपोल पर रूस का कब्‍जा

यही नहीं यूक्रेन युद्ध में सबसे ज्यादा चर्चा में रहे मारीपोल पर आखिरकार रूसी सेना का पूरी तरह से कब्जा हो गया। शुक्रवार शाम 531 यूक्रेनी सैनिकों और लड़ाकों के आत्मसमर्पण के साथ ही करीब 12 वर्ग किलोमीटर में फैली अजोवस्टाल स्टील फैक्ट्री रूसी सेना के कब्जे में आ गई। हाल के दिनों में यूक्रेन के कुल 2,439 सैनिकों और लड़ाकों ने हथियार डाले हैं, इनमें कई सौ घायल भी हैं। ये सब अब युद्धबंदी के रूप में रूसी सेना की हिरासत में हैं।

जेलेंस्की बोले- सभी हिस्‍से वापस लेंगे

रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि 2,439 लोगों के आत्मसमर्पण के बाद मारीपोल में खूनी टकराव खत्म हो गया है। अब वहां पर स्थिति को सामान्य बनाने के प्रयास किए जाएंगे। इससे पहले यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने स्टील फैक्ट्री में मौजूद सैनिकों से बाहर जाने और जान बचाने के लिए कहा था। जेलेंस्की ने कहा, रूस का सभी भूभागों पर कब्जा अस्थायी है। वह चाहे डोनबास का इलाका हो या क्रीमिया का। सभी इलाके यूक्रेन के पास वापस आएंगे।

अजोव सागर पर रूस का अधिकार

डोनबास से क्रीमिया को जमीनी रास्ते से जोड़ने वाले मारीपोल का रणनीतिक रूप से खास महत्व है। मारीपोल के बंदरगाह पर कब्जे से अजोव सागर पर रूस का अधिकार हो गया है। डोनबास और क्रीमिया पर रूस का 2014 से कब्जा है। मारीपोल हाथ आने से बहुत बड़ा इलाका रूस के कब्जे में आ गया है। इस इलाके में बंदरगाह, औद्योगिक क्षेत्र और बड़े खनिज भंडार हैं। इसलिए आने वाले दिनों में यह इलाका रूस के लिए खासा महत्वपूर्ण साबित होने वाला है।

पश्चिमी देशों के हथियारों का जखीरा किया बर्बाद

रूसी रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि पश्चिमी देशों से यूक्रेन को मिला हथियारों का बड़ा जखीरा शनिवार को कैलिबर क्रूज मिसाइल के हमले में नष्ट कर दिया गया। युद्धपोत से छोड़ी गई इस मिसाइल ने यूक्रेन के झीटोमीर इलाके में स्थित शस्त्रागार को निशाना बनाया। रूस ने ओडेसा शहर के नजदीक स्थित तेल गोदाम पर मिसाइल से हमला कर उसे बर्बाद कर दिया है। इसके अतिरिक्त यूक्रेन के दो सुखोई-25 लड़ाकू विमानों और 14 ड्रोन को नष्ट करने का भी दावा किया गया है।

रूस ने फिनलैंड की गैस आपूर्ति रोकी

रूसी गैस कंपनी गैजप्रोम ने शनिवार सुबह से फिनलैंड के लिए प्राकृतिक गैस की आपूर्ति बंद कर दी। रूसी कंपनी ने ऐसा फिनलैंड की सरकारी कंपनी गैसम द्वारा गैस मूल्य का रूबल में भुगतान न करने के कारण किया। फिनलैंड के अमेरिका के नेतृत्व वाले सैन्य संगठन नाटो की सदस्यता के लिए आवेदन करने के तीन दिन बाद रूस ने उसकी गैस आपूर्ति रोकी है। नाटो में शामिल होने के बाद फिनलैंड को द्विपक्षीय संबंध बिगड़ने की चेतावनी रूस ने पहले ही दे दी थी।  


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.