अमेरिकी संसद में बापू की 150वीं जयंती का जश्न मनाने के लिए पेश किया गया प्रस्ताव
भारतीय-अमेरिकी कांग्रेसमेन राजा कृष्णमूर्ति ने अमेरिकी प्रतिनिधि सभा महात्मागांधी की विरासत का जश्न मनाने के लिए एक प्रस्ताव पेश किया है।
वॉशिंगटन,पीटीआइ। भारतीय-अमेरिकी कांग्रेसी राजा कृष्णमूर्ति ने अमेरिकी प्रतिनिधि सभा में इस साल महात्मा गांधी की 150 वीं जयंती और उनकी स्थायी विरासत के उपलक्ष्य में एक प्रस्ताव पेश किया है। शुक्रवार को प्रस्ताव पेश करने के बाद कृष्णमूर्ति ने कहा कि महात्मा गांधी मेरे निजी नायकों में से एक हैं। इस प्रस्ताव को 14 अन्य सांसदों के द्विदलीय समूह द्वारा स्वीकार किया गया था। उन्होंने कहा, 'सार्वजनिक सेवा के लिए गांधी का समर्पण एक प्रेरणा है। कई कठिनाइयों और अन्यायों का सामना करने के बाद भी उन्होंने कभी भी स्वतंत्रता, गरिमा और समानता की लड़ाई में हार नहीं मानी।
गांधी के मूल्यों को दिया जाएगा बढ़ावा
इस प्रस्ताव को 14 अन्य सांसदों के समूह द्वारा को-स्पांसर किया गया था। संकल्प को को-स्पांसर करने वालों में कांग्रेसी जॉर्ज होल्डिंग, ब्रैड शर्मन, जो विल्सन, गेरी कोनोली, पीटर किंग, अमी बेरा, रो खन्ना, फ्रैंक पलोन, ब्रेंडा लॉरेंस, पीट ओल्सन, प्रमोद जयपाल, टीजे कॉक्स, डेविड प्राइस और टेड योहो थे। ब्रैड शेरमन (जो एशिया पर सदन की विदेश मामलों की उप-समिति के अध्यक्ष हैं) ने कहा कि वे गांधी द्वारा प्रचारित मूल्यों को बढ़ावा देने के लिए मंच का उपयोग करना जारी रखेंगे। साथ ही धार्मिक स्वतंत्रता की रक्षा करना और बातचीत के माध्यम से संघर्ष के लिए शांतिपूर्ण समाधान की मांग करना। कांग्रेसी, जॉर्ज होल्डिंग ने कहा कि महात्मा गांधी हमारे समय के नेताओं में से भी सबसे सम्मानित और प्रभावशाली नेता हैं।
संयुक्त राज्य में भारत के राजदूत ने किया प्रस्ताव का स्वागत
उन्होंने आगे कहा कि जैसा की इस साल हमने गांधी की 150 वीं जयंती मनाई, आइए अब हम उनकी स्थायी विरासत का सम्मान करें और उनके स्मारकीय प्रभाव का जश्न मनाएं। संयुक्त राज्य में भारत के राजदूत हर्षवर्धन श्रृंगला ने इस प्रस्ताव का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि प्रस्ताव में नागरिक अधिकारों के पर गांधी की शिक्षाओं के प्रभाव पर जोर दिया गया है।