पीढ़ी-दर-पीढ़ी बढ़ रही है इंसान की उम्र, पिछली पीढ़ी से करीब तीन साल आगे है नई पीढ़ी
पहले के कुछ अध्ययनों में कहा गया था कि इंसान उम्र की आखिरी सीमा की ओर बढ़ रहा है, हालांकि नए शोध में इस बात को खारिज किया गया है।
बोस्टन, प्रेट्र। इंसान की उम्र पीढ़ी-दर-पीढ़ी बढ़ रही है। हर पीढ़ी की उम्र पिछली पीढ़ी से करीब तीन साल ज्यादा है। आगे भी ऐसा ही क्रम बने रहने की उम्मीद है। अमेरिका की स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी में हुए एक अध्ययन में यह बात सामने आई है। शोधकर्ताओं ने पिछले 50 साल के आंकड़ों का अध्ययन किया। इसमें पाया गया कि जो लोग 65 साल की उम्र पार कर लेते हैं, उनकी उम्र प्राय: उनके माता-पिता से ज्यादा रहती है। स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर श्रीपद तुलजापुरकर ने कहा, 'आंकड़े दिखाते हैं कि उम्र बढ़ रही है और इस क्रम में कोई बदलाव होता भी नहीं दिख रहा है। उम्र की कोई अधिकतम सीमा फिलहाल नहीं दिखाई दे रही है।'
पहले के कुछ अध्ययनों में कहा गया था कि इंसान उम्र की आखिरी सीमा की ओर बढ़ रहा है। हालांकि नए शोध में इस बात को खारिज किया गया है। जर्नल पीएनएएस में प्रकाशित इस अध्ययन के लिए 1960 से 2010 के बीच के ऐसे लोगों के जन्म और मृत्यु का आंकड़ा जुटाया गया, जिनकी उम्र 65 साल से ज्यादा थी। शोध में पाया गया कि हर 25 साल में ऐसे लोगों की अधिकतम औसत आयु तीन साल तक बढ़ जाती है। इसका अर्थ है कि लोग अपने दादा से छह साल ज्यादा जीते हैं।
यह ट्रेंड अध्ययन में शामिल पूरे 50 वर्ष तक एक जैसा ही दिखा। इतना ही नहीं, अध्ययन में शामिल सभी 20 देशों में यह ट्रेंड कमोबेश ऐसा ही रहा। चिकित्सा के क्षेत्र में हो रहे बदलावों के कारण किसी-किसी समय में औसत अधिकतम उम्र में हल्का फर्क दिखा, लेकिन यह फर्क भी लंबी अवधि में मिट गया। दशक के आधार पर देखा जाए तो हर दशक में अधिकतम आयु में वृद्धि का औसत एक जैसा ही रहा।