अमेरिका में तेजी से बढ़ रहा कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा, पाए गए एक लाख 43 हजार नए केस
अमेरिका के सेंटर्स फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रीवेंशन (CDC) ने रविवार को बताया कि देश में एक लाख 43 हजार 333 नए पॉजिटिव केस पाए गए। जबकि जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के डाटा के अनुसार अमेरिका में कोरोना को मात देने वालों की संख्या 50 लाख के पार पहुंच गई है।
वाशिंगटन, एजेंसियां। कोरोना महामारी की दूसरी लहर से जूझ रहे अमेरिका में संक्रमित लोगों का आंकड़ा तेजी से बढ़ रहा है। इस देश में लगातार 27वें दिन एक लाख से ज्यादा नए पॉजिटिव केस पाए गए। बीते 24 घंटों के दौरान देशभर में एक लाख 43 हजार से ज्यादा नए मामलों की पुष्टि की गई। इससे पीडि़तों की कुल संख्या बढ़कर एक करोड़ 31 लाख 42 हजार से अधिक हो गई। अब तक कुल दो लाख 65 हजार से ज्यादा पीड़ितों की जान गई है।
अमेरिका के सेंटर्स फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रीवेंशन (CDC) ने रविवार को बताया कि देश में एक लाख 43 हजार 333 नए पॉजिटिव केस पाए गए। जबकि जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के डाटा के अनुसार, अमेरिका में कोरोना को मात देने वालों की संख्या 50 लाख के पार पहुंच गई है। इस बीच, न्यूयॉर्क के मेयर बिल डी ब्लासियो ने शहर में सात दिसंबर से स्कूलों को खोलने का एलान किया है। दुनिया में कोरोना महामारी से अमेरिका सबसे ज्यादा प्रभावित है। इस देश में सबसे ज्यादा संक्रमित टेक्सास में हैं। इस प्रांत में अब तक साढ़े 12 लाख से ज्यादा मामले मिले हैं। कैलिफोर्निया में भी कोरोना पीड़ितों की संख्या 12 लाख से अधिक हो गई है। जबकि फ्लोरिडा में करीब दस लाख मामलों की पुष्टि हुई है।
विश्वभर में कोरोना महामारी से जुड़े प्रमुख बिंदु
ब्राजील : 24 हजार से ज्यादा नए केस मिलने से संक्रमितों का आंकड़ा 63 लाख के पार पहुंच गया है। यहां कुल एक लाख 72 हजार मौत हुई है।
रूस : 26 हजार 338 नए पॉजिटिव मामलों की पुष्टि होने से पीडि़तों की संख्या करीब 23 लाख हो गई है। कुल करीब 39 हजार रोगियों की जान गई है।
मेक्सिको : देश में 6,388 नए रोगी पाए जाने से कोरोना मरीजों का आंकड़ा 11 लाख से अधिक हो गया है। अब तक एक लाख पांच हजार की मौत हुई।