बहामास में डोरियन के बाद अब तूफान हम्बर्टो का खतरा, अभी भी 1,300 लोग लापता
Storm Humberto to hit Bahamas कैरेबियाई देश बहामास अभी तूफान डोरियन के कहर से उबरा भी नहीं था कि एक और चक्रवाती तूफान उष्णकटिबंधीय तूफान हम्बर्टो ने वहां दस्तक दे दी है।
वाशिंगटन, एजेंसियां। Storm Humberto to hit Bahamas कैरेबियाई देश बहामास अभी तूफान डोरियन के कहर से उबरा भी नहीं था कि एक और चक्रवाती तूफान उष्णकटिबंधीय तूफान हम्बर्टो का खतरा मंडराने लगा है। नेशनल हरिकेन सेंटर के मुताबिक, नए तूफान से बहामास में चार इंच तक बारिश होने की संभावना है। कुछ अलग क्षेत्रों में छह इंच तक बारिश की चेतावनी जारी की गई है। अगले दो से तीन दिनों में इसके भयानक स्वरूप लेने के संकेत हैं।
मौजूदा वक्त में तूफान हम्बर्टो नॉर्थवेस्ट ग्रेट आबाको द्वीप की ओर बढ़ रहा है, जो डोरियन से सबसे ज्यादा प्रभावित है। इस तूफान के कारण पूर्वी फ्लोरिडा, जॉर्जिया, साउथ कैरोलीना में अगले हफ्ते भारी बारिश से बाढ़ का खतरा पैदा हो गया है। हालांकि, तूफान हम्बर्टो की रफ्तार डोरियन से कम होगी। अनुमान है कि तूफान हम्बर्टो के कारण 45 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। अमेरिका ने तूफान डोरियन से तबाह हो चुके बहामास के लिए चार मिलियन डॉलर की अतिरिक्त आर्थिक मदद की घोषणा की है।
वहीं उत्तरी बहामा में तूफान डोरियन के कहर के दो हफ्ते बाद भी 1,300 लोग लापता हैं। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, तूफान डोरियन ने 50 लोगों की जान ली है। अभी भी इस तूफान के कारण अभी भी बहुत सारे लोग आश्रयस्थलों पर रह रहे हैं और अपने परिवार के सदस्यों से संपर्क नहीं कर पा रहे हैं। आशंका है कि कैटेगरी पांच के तूफान डोरियन से मरने वालों की संख्या अभी और बढ़ सकती है। लापता लोगों की तलाश के लिए खोजबीन अभियान चलाया गया है।