माइकल जैक्सन की कंपनी ने चैनल पर ठोंका 700 करोड़ का मुकदमा, ये है वजह
दिवंगत अमेरिकी पॉप स्टार माइकल जैक्सन की संस्था ने एक आपत्तिजनक डॉक्युमेंट्री फिल्म को लेकर एचबीओ चैनल पर 10 करोड़ डॉलर का मुकदमा किया है।
लॉस एंजिलिस, प्रेट्र। दिवंगत अमेरिकी पॉप स्टार माइकल जैक्सन की संस्था ने एक आपत्तिजनक डॉक्युमेंट्री फिल्म को लेकर एचबीओ चैनल पर 10 करोड़ डॉलर (करीब 700 करोड़ रुपये) का मुकदमा किया है। माइकल जैक्सन एस्टेट का कहना है कि एचबीओ चैनल दिवंगत पॉप स्टार को अपमानित करने वाली फिल्म 'लीविंग नेवरलैंड' प्रसारित करने जा रही है।
इस फिल्म पर पहले भी विवाद हो चुका है। इसमें माइकल जैक्सन के कथित यौन उत्पीड़न के शिकार दो लोगों को दिखाया गया है। फिल्म का प्रसारण रोकने के लिए चैनल के खिलाफ मुकदमा दायर किया गया है। चैनल ने दो पार्ट में बनी डॉक्युमेंट्री फिल्म तीन और चार मार्च को प्रसारित करने की बात दोहराई है। उसने कहा है कि मुकदमे से उसके तय कार्यक्रम में कोई बदलाव नहीं होने जा रहा।
माइकल जैक्सन की 26 जून 2009 को दवा के अत्यधिक डोज की वजह से हार्ट अटैक के कारण मौत हो गई थी। माइकल जैक्सन की बचपन से ही पॉप संगीत में रुचि थी। उन्होंने पॉप संगीत को एक नया आयाम दिया। उनका बेहतरीन मूनवॉक डांस और उनका पॉप म्युजिक युवाओं को थिरकने पर मजबूर कर देता है।
2009 में जैक्सन की मौत के बाद वर्ष 2014 में उनके अनरीलिज्ड गीतों को संग्रहित करके मरणोपरांत एलबम "एक्सकेप"जारी किया गया। कई देशों में इसके गीत चार्टबस्टर पर टॉप रहे और मरने के बाद भी जैक्सन अव्व्ल ही नजर आए। म्यूजिक को वीडियो तक लाने का श्रेय भी जैक्सन को ही जाता है। 1979 में आए उनके एलबम "ऑफ द वॉल" में उनके दो म्यूजिक वीडियो " डोंट स्टाप टिल यू गेट इनफ" और "रॉक विद यू" बेहद लोकप्रिय हुए थे।