खाना खाने के बाद भी इस वजह से भूखा महसूस करते हैं लोग, मोटापे का भी है कारण
कुछ लोग काफी मशक्कत के बाद भी कम नहीं कर पाते वजन। एमसी4आर जीन में हुए बदलाव के चलते ऐसा होता है।
द न्यूयॉर्क टाइम्स, वाशिंगटन। आपने अपने आसपास कई ऐसे लोगों को देखा होगा जिन्हें बहुत देर से भूख लगती है और वह बहुत कम खाते हैं। आमतौर पर ऐसे लोग दुबले-पतले ही रहते हैं। कुछ ऐसे लोग भी हैं जो अपने मोटापे से छुटकारा पाना चाहते हैं, लेकिन बहुत कोशिश के बाद भी सफल नहीं हो पाते। उन्हें भूख भी ज्यादा लगती है। एक अध्ययन का दावा है कि इन सबके के लिए जीन में होने वाली गड़बड़ी जिम्मेदार है।
जीन में बदलाव के चलते भूखा महसूस करते हैं लोग
कैंब्रिज यूनिवर्सिटी की प्रोफेसर डॉ. सदफ फारुकी का कहना है कि एमसी4आर जीन के म्यूटेशन (जीन में बदलाव) के चलते कुछ लोग हमेशा खुद को भूखा महसूस करते हैं। दरअसल, जब हम खाना खाते हैं तो एमसी4आर दिमाग को सिग्नल भेज कर बताता है कि हमारा पेट भर गया है। लेकिन म्यूटेशन के चलते कुछ लोगों में एमसी4आर अपना काम करना बंद कर देता है। ऐसे में उनके दिमाग को पेट भरा होने का सिग्नल नहीं मिलता और उन्हें हमेशा भूख लगी रहती है। आमतौर पर वह मोटापे का शिकार हो जाते हैं। उनमें डायबिटीज और हृदय रोग का खतरा भी अन्य से 50 फीसद अधिक होता है।
वजन नियंत्रित करने में एमसी4आर की भूमिका अहम
दूसरी ओर कुछ व्यक्तियों में एमसी4आर जीन हर वक्त ही दिमाग को पेट भरे होने का सिग्नल भेजता रहता है। इसी के चलते वह कम खाते हैं और पतले होते हैं। डॉ फारुकी के अनुसार, हमारे शोध से स्पष्ट है कि वजन नियंत्रित करने में एमसी4आर जीन की अहम भूमिका है। उनका यह भी कहना है कि इस म्यूटेशन के कारण बच्चे भी सात-आठ साल की उम्र में ही मोटापे का शिकार हो जाते हैं।