अमेरिका में अराजक तत्वों ने भारतीय दूतावास के बाहर महात्मा गांधी की प्रतिमा को किया खंडित
अमेरिका के वाशिंगटन डीसी में भारतीय दूतावास के बाहर स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा को कुछ अराजक तत्वों ने क्षति पहुंचाई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वाशिंगटन, एएनआइ। अमेरिका के वाशिंगटन डीसी में भारतीय दूतावास के बाहर स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा को कुछ अराजक तत्वों ने क्षति पहुंचाई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बता दें कि अमेरिका में एक अश्वेत नागरिक जॉर्ज फ्लॉयड की पुलिस यातना से मौत के बाद कई राज्यों में उग्र प्रदर्शन हो रहे हैं। इस दौरान कई जगह आगजनी, हिंसा और लूटपाट की घटनाएं भी सामने आई हैं। इसी दौरान महात्मा गांधी की प्रतिमा को भी खंडित किया गया। प्रदर्शनकारियों ने वाशिंगटन डीसी में व्हाइट हाउस के नजदीक एक ऐतिहासिक चर्च को भी आग के हवाले कर दिया था।
हालांकि, पुलिस ने अभी साफ नहीं किया है कि महात्मा गांधी की प्रतिमा का क्षति पहुंचाने के पीछे किन लोगों का हाथ है। लेकिन ऐसा अनुमान लगाया जा रहा है कि प्रदर्शन के दौरान कुछ अराजक तत्वों ने इस घटना को अंजाम दिया होगा। पुलिस का कहना है कि जांच करने के बाद सच्चाई सामने आएगी, उससे पहले कुछ भी कह पाना संभव नहीं है। उधर, भारतीय दूतावास की ओर से इस घटना को लेकर अभी तक को आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
गौरतलब है कि अमेरिका में अश्वेत जॉर्ज फ्लॉयड की पुलिस यातना के दौरान हुई मौत के बाद कई शहरों में उग्र प्रदर्शन हुआ। व्हाइट हाउस के पास भी प्रदर्शनकारी पहुंच गए, जिसके बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को बंकर में शरण लेनी पड़ी। इस दौरान कई जगह आगजनी, हिंसा, लूटपाट की घटनाएं हुईं, जिनके वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। ऐसे में अमेरिका के लगभग 40 शहरों में कर्फ्यू लगाना पड़ा। इसके बावजूद प्रदर्शनकारियों ने साफ कर दिया है कि वे रुकने वाले नहीं हैं। संयुक्त राष्ट्र ने भी प्रदर्शनकारियों ने शांत रहने की अपील की है।