सरकारी आवास में मरम्मत के चलते ब्लेयर हाउस में ठहरी हैं कमला हैरिस
अमेरिका के राष्ट्रपति का आधिकारिक अतिथि गृह है उपराष्ट्रपति का अस्थायी निवास। हैरिस के सरकारी आवास में 33 कमरे हैं और इसका निर्माण 1893 में किया गया था। ब्लेयर हाउस का निर्माण 1824 में एक निजी आवास के तौर पर हुआ था।
वाशिंगटन, प्रेट्र। सरकारी आवास में मरम्मत के चलते अमेरिका की उपराष्ट्रपति कमला हैरिस अभी अस्थायी रूप से ऐतिहासिक ब्लेयर हाउस में ठहरी हैं। पेंसिलवेनिया एवेन्यू पर स्थित समूचे व्हाइट हाउस में ब्लेयर हाउस अमेरिका के राष्ट्रपति का आधिकारिक अतिथि गृह है। खास बात यह है कि अपने शपथ ग्रहण से पहले राष्ट्रपति जो बाइडन प्रथम महिला जिल के साथ यहीं ठहरे थे।
उपराष्ट्रपति की मुख्य प्रवक्ता साइमन सैंडर्स ने शनिवार को पत्रकारों को बताया कि उपराष्ट्रपति का सरकारी आवास नेवल ऑब्जर्वेट्री परिसर में है। यह स्थान व्हाइट हाउस से करीब चार मील उत्तर-पश्चिम में स्थित है। उन्होंने कहा कि हैरिस गुरुवार को अपने नए सरकारी आवास में जाएंगी। हैरिस के सरकारी आवास में 33 कमरे हैं और इसका निर्माण 1893 में किया गया था। ब्लेयर हाउस का निर्माण 1824 में एक निजी आवास के तौर पर हुआ था और 1942 से यह अमेरिका के राष्ट्रपति का अतिथि गृह है, जहां विदेश से आने वाले गणमान्य लोगों को आमतौर पर ठहराया जाता है।
हाल के वर्षो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई अन्य भारतीय नेता इस ऐतिहासिक भवन में ठहरे थे। पूर्व चीफ ऑफ प्रोटोकॉल और ब्लेयर हाउस पुनर्निर्माण कोष बोर्ड की मौजूदा सदस्य कैप्रीसिया मार्शल ने कहा, 'यह बेहद खूबसूरत और बेहतरीन जगह है। इस जगह से इतिहास के कई किस्से जुड़े हैं। कई राष्ट्रपति इस भवन यहां रह चुके हैं। यहां घर जैसा अनुभव होता है।'