हैरिस बोलीं, वैश्विक नेतृत्व के लिए घरेलू चुनौतियों से पार पाना जरूरी, विरासत में मिलीं कई अप्रत्याशित समस्याएं
अमेरिका की नवनिर्वाचित उपराष्ट्रपति कमला हैरिस ने कहा है कि सत्ता संभालने पर उनकी सरकार को कई अप्रत्याशित चुनौतियां विरासत में मिलेंगी। हमको इन चुनौतियों का सामना करने के साथ ही कोरोना महामारी पर भी काबू पाना होगा। पढ़ें कमला हैरिस का पूरा बयान...
वाशिंगटन, एजेंसियां। अमेरिका की नवनिर्वाचित उप राष्ट्रपति कमला हैरिस ने यह माना कि सत्ता संभालने पर कई अप्रत्याशित चुनौतियां विरासत में मिलेंगी। अमेरिका के वैश्विक नेतृत्व को बहाल करने के लिए घरेलू चुनौतियों से पार पाना जरूरी है। अमेरिका में गत तीन नवंबर को हुए चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी की ओर से जो बाइडन राष्ट्रपति चुने गए और हैरिस उप राष्ट्रपति पद पर निर्वाचित हुई। वह यह उपलब्धि हासिल करने वाली पहली भारतवंशी हैं। वे अगले वर्ष 20 जनवरी को सत्ता संभालेंगे।
कई अप्रत्याशित चुनौतियों से हमारा सामना
56 वर्षीय हैरिस ने डेलावेयर के विलमिंगटन में मंगलवार को पत्रकारों से कहा, 'नवनिर्वाचित राष्ट्रपति बाइडन और मैं लंबे समय से यह जानते हैं कि व्हाइट हाउस में हमारा सामना कई अप्रत्याशित चुनौतियों से होगा। इन चुनौतियों का सामना करने के साथ ही हमें कोरोना महामारी पर भी नियंत्रण पाना होगा। जिम्मेदारी के साथ अर्थव्यवस्था को खोलना होगा और यह सुनिश्चत भी करना होगा कि कामकाजी लोगों को इसका लाभ मिले।'
विश्वभर में दोबारा स्थापित करेंगे अपना नेतृत्व
हैरिस ने यह भी कहा, 'हम यह भी जानते हैं कि घरेलू चुनौतियों से निपटना आवश्यक है। इसी से हम विश्वभर में अपने नेतृत्व को दोबारा स्थापित कर पाएंगे। हम इसके लिए तैयार हैं। हमें अमेरिकी गठबंधनों को फिर से एक मंच पर लाना होगा और आपसी सहयोग को पुनर्जीवित करना होगा।' भारतीय मूल की हैरिस ने कहा, 'हमें अपनी राष्ट्रीय सुरक्षा और विदेश नीति के संस्थानों को मजबूत करना होगा। ये संस्थान हमारे राष्ट्रीय हितों की रक्षा करते हैं। हमें जलवायु परिवर्तन के खतरे का भी सामना करना होगा।
एवरिल होंगी पहली महिला खुफिया प्रमुख
अमेरिका के भावी राष्ट्रपति बाइडन अपने प्रशासन के अधिकारियों के चयन में जुटे हैं। इसी कवायद में उन्होंने एवरिल हैंस को खुफिया प्रमुख नामित किया है। वह नेशनल इंटेलीजेंस की निदेशक बनने वाली पहली महिला होंगी। बाइडन ने कहा, 'नेशनल इंटेलीजेंस के निदेशक के तौर पर मैं एवरिल हैंस को नामित करता हूं। मैंने इस पद के लिए किसी सियासी हस्ती को नियुक्त नहीं किया है।' अपने चयन पर 51 वर्षीय एवरिल ने कहा, 'मैं सत्ता से सच बोलने में कभी संकोच नहीं करूंगी।' बाइडन अपने प्रशासन के लिए अब तक कई नियुक्तियों का एलान कर चुके हैं।