अमेरिका में सौतेली बेटी की हत्या में भारतवंशी महिला दोषी करार, तीन जून को सुनाई जाएगी सजा
सौतेली मां को नौ साल की बच्ची की देखरेख करनी थी लेकिन इसके बजाय उसने बच्ची की गला घोंटकर हत्या कर दी। न्यूयॉर्क में रहने वाली शमदई को अदालत ने बीते शुक्रवार को दोषी करार दिया।
न्यूयॉर्क, प्रेट्र। अमेरिका में भारतीय मूल की महिला शमदई अर्जुन (55) को अपनी नौ साल की सौतेली बेटी की हत्या के जुर्म में दोषी करार दिया गया है। शमदई को तीन जून को सजा सुनाई जाएगी। उसे 25 साल तक की जेल की सजा हो सकती है।
न्यूयॉर्क के क्वींस में रहने वाली शमदई को अदालत ने बीते शुक्रवार को दोषी करार दिया। उसने अगस्त, 2016 में सौतेली बेटी अशदीप कौर की गला घोंटकर हत्या कर दी थी। क्वींस के कार्यवाहक अटार्नी जॉन रियान ने कहा, 'यह दिल दहला देने वाला मामला है।
सौतेली मां को नौ साल की बच्ची की देखरेख करनी थी, लेकिन इसके बजाय उसने बच्ची की गला घोंटकर हत्या कर दी।' कोर्ट में दिए बयान के अनुसार, एक चश्मदीद ने 19 अगस्त, 2016 को शमदई को अपने अपार्टमेंट से पूर्व पति रेमंड नारायण और अपने दो पोतों के साथ बाहर निकलते देखा।
बेटी के बारे में पूछने पर उसने कहा कि वह बाथरूम में है और अपने पिता का इंतजार कर रही है। बाथरूम की लाइट कई घंटों से जलती देख इस चश्मदीद समेत पड़ोसियों ने लड़की के पिता सुखजिंदर सिंह को फोन किया। बाथरूम का दरवाजा तोड़ने पर लड़की बाथटब में मृत पाई गई। उसके शरीर पर चोट के कई निशान थे।
जान से मारने की दी थी धमकी
क्वींस के असिस्टेंट अटार्नी माइकल कर्टिस के अनुसार, शमदई ने कई बार लड़की को जान से मारने की धमकी दी थी। भारत से अमेरिका आने के तीन माह बाद ही उसकी हत्या कर दी गई।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप