भारतीय मूल की रिपब्लिकन नेता निकी हेली ने कहा, ट्रंप के आचरण की इतिहास में होगी कठोर व्याख्या
हेली ने रिपब्लिकन नेशनल कमेटी की शुक्रवार को फ्लोरिडा में हुई बैठक में कहा हम अपने बड़े मतभेदों के बारे में चर्चा कर सकते हैं लेकिन हमें अमेरिकी जनता को एक-दूसरे के खिलाफ खड़ा करना बंद करना चाहिए। रिपब्लिकन पार्टी को आगे का दास्ता दिखाना चाहिए।
वाशिंगटन, प्रेट्र। भारतीय मूल की रिपब्लिकन नेता निकी हेली ने संसद पर हुए हमले को लेकर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की निंदा की है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति की टिप्पणियों से समर्थक हमले के लिए भड़के थे। ट्रंप ने सही शब्दों का इस्तेमाल नहीं किया। चुनाव बाद के उनके आचरण की इतिहास में कठोरता के साथ व्याख्या होगी।
हेली ने रिपब्लिकन नेशनल कमेटी की शुक्रवार को फ्लोरिडा में हुई बैठक में कहा, 'हम अपने बड़े मतभेदों के बारे में चर्चा कर सकते हैं, लेकिन हमें अमेरिकी जनता को एक-दूसरे के खिलाफ खड़ा करना बंद करना चाहिए। रिपब्लिकन पार्टी को आगे का दास्ता दिखाना चाहिए।'
संयुक्त राष्ट्र में अमेरिका की राजदूत रह चुकीं 48 वर्षीय हेली ने कहा, 'राष्ट्रपति ट्रंप ने हर बार सही शब्दों का चयन नहीं किया। चुनाव के दिन से उनके आचरण की इतिहास निर्मम व्याख्या करेगा।'
भारतीय मूल की हेली को ट्रंप ने संयुक्त राष्ट्र में अमेरिकी राजदूत नियुक्त किया था। वह इस पद पर 25 जनवरी, 2017 से 31 दिसंबर, 2018 तक रहीं। वह 12 जनवरी, 2011 से लेकर 24 जनवरी, 2017 तक साउथ कैरोलिना की गवर्नर भी रह चुकी हैं।