अमेरिका में 4.5 करोड़ डालर की धोखाधड़ी में भारतीय मूल के उद्योगपति गिरफ्तार, ठगी के लिए चलाई फर्जी निवेश स्कीम
भारतीय मूल के उद्यमी नील चंद्रन के पास टेक्नोलाजी कंपनियों के एक ग्रुप का स्वामित्व था जिसका इस्तेमाल उन्होंने निवेशकों के साथ धोखाधड़ी करने के लिए किया। उन्होंने लोगों से अधिक रिटर्न देने का झूठा वादा किया था।
न्यूयार्क, आइएएनएस। अमेरिका में भारतीय मूल के उद्यमी नील चंद्रन को 4.5 करोड़ डालर की धोखाधड़ी के मामले में गिरफ्तार किया गया है। धोखाधड़ी का यह मामला एक निवेश योजना से जुड़ा है। इसमें दस हजार से ज्यादा लोगों के साथ ठगी की बात सामने आई है। न्याय विभाग ने बताया कि 50 वर्षीय नील चंद्रन को लास एंजिलिस से पकड़ा गया। नील के पास टेक्नोलाजी कंपनियों के एक ग्रुप का स्वामित्व था, जिसका इस्तेमाल उन्होंने निवेशकों के साथ धोखाधड़ी करने के लिए किया। उन्होंने अधिक रिटर्न देने का झूठा वादा किया था।
तीन और मामले दर्ज
चंद्रन पर धोखाधड़ी के तीन और आपराधिक रूप से संपत्ति हासिल करने के दो आरोप लगाए गए हैं। धोखाधड़ी की आय से बनी संपत्तियों को सील कर दिया गया है। दोषी पाए जाने पर चंद्रन को धोखाधड़ी के मामले में 20 वर्ष और दूसरे आरोप में 10 वर्ष जेल की सजा हो सकती है।