शेरिन को गोद लेने वाले अभिभावकों का ओसीआइ कार्ड रद करेगा भारत
गत वर्ष अक्टूबर में तीन वर्षीय शेरिन डलास शहर में अपने घर से कुछ दूर एक पुलिया में मृत पाई गई थी।
ह्यूस्टन, प्रेट्र। भारत ने शेरिन मैथ्यूज को गोद लेने वाले भारतीय-अमेरिकी अभिभावकों को मिला ओसीआइ (ओवरसीज सिटीजनशिप ऑफ इंडिया) कार्ड को रद करने का निर्णय लिया है। गत वर्ष अक्टूबर में तीन वर्षीय शेरिन डलास शहर में अपने घर से कुछ दूर एक पुलिया में मृत पाई गई थी।
ह्यूस्टन में भारत के काउंसल जनरल अनुपम रे ने कहा,'वेस्ले मैथ्यूज, उनकी पत्नी सिनी और उनके कुछ रिश्तेदारों का ओसीआइ कार्ड रद किया जाएगा। यह निर्णय भारत की जनता के हित में हैं।' मैथ्यूज दंपती के दोस्तों मनोज एन अब्राहम और निस्सी टी अब्राहम को ओसीआइ कार्ड रद करने के संबंध में नोटिस मिल चुका है। इन्होंने नोटिस के खिलाफ दिल्ली कोर्ट में याचिका दाखिल की है। ओसीआइ कार्ड रद करने वाली सूची में वेस्ले के माता-पिता भी शामिल हैं।
गौरतलब है कि मैथ्यूज दंपती ने वर्ष 2016 में बिहार के एक अनाथालय से शेरिन को गोद लिया था। वेस्ले ने पुलिस को दिए अपने बयान में कहा कि शेरिन को जबरन दूध पिलाने के चलते उसके गले पर दबाव पड़ गया और दम घुटने से उसकी मौत हो गई। हालांकि उसने अपना बयान कई बार बदला। फिलहाल वेस्ले पर हत्या और सबूतों से छेड़छाड़ और पत्नी सिनी पर बच्ची को घर पर अकेले छोड़ने के आरोप में केस चल रहा है।