13.8 अरब साल पहले कैसे बना ब्रह्मांड, वैज्ञानिकों ने खोले राज, जानकर हैरान रह जाएंगे आप
How became universe made ब्रह्मांड का निर्माण कैसे हुआ था वैज्ञानिकों ने इसका खुलासा किया है। वैज्ञानिकों की मानें तो आज भी हमारा ब्रह्मांड फैल रहा है। पढ़ें दिलचस्प रिपोर्ट...
वाशिंगटन, पीटीआइ। ब्रह्मांड का निर्माण महाविस्फोट यानी बिग बैंग से हुआ था। अब वैज्ञानिकों ने बताया है कि लगभग 13.8 अरब साल पहले यह रहस्यमय महाविस्फोट किस तरह हुआ होगा। बिग बैंग सिद्धांत कहता है कि अरबों साल पहले पूरा ब्रह्मांड पदार्थों और ऊर्जा के एक बिंदु के रूप में था। इस बिंदु के केंद्र में महाविस्फोट हुआ जिसके बाद वह फैलता गया और उसी के परिणाम स्वरूप ब्रह्मांड का जन्म हुआ है जो मौजूदा समय में हमारे सामने है।
आज भी फैल रहा ब्रह्मांड
वैज्ञानिकों के मुताबिक इस महाविस्फोट में इतनी ऊर्जा थी कि उसके प्रभाव से आज भी ब्रह्मांड फैलता जा रहा है। अमेरिकी पत्रिका 'साइंस' में वैज्ञानिकों का यह अध्ययन प्रकाशित हुआ है। इसमें उन तंत्रों का विस्तृत विवरण दिया गया है, जो विस्फोट का कारण बन सकते हैं। ये तंत्र उन मॉडलों के लिए महत्वपूर्ण हैं, जिनका उपयोग वैज्ञानिक ब्रह्मांड की उत्पत्ति को समझने के लिए कर रहे हैं।
विस्फोट कराने के तरीके का पता लगाया
अमेरिका की यूनिवर्सिटी ऑफ सेंट्रल फ्लोरिडा में असिस्टेंट प्रोफेसर करीम अहमद ने कहा, 'हमने उन महत्वपूर्ण मानदंडों को परिभाषित किया है जहां हम स्वयं उग्रता पैदा करने वाली लौ जला सकते हैं, उसे गति दे सकते हैं और उसे विस्फोट में परिवर्तन कर सकते हैं।' वैज्ञानिकों की टीम ने हाइपरसोनिक जेट प्रणोदन के तरीकों की खोज करते हुए बिग बैंग प्रकार के विस्फोट कराने के तरीके का पता लगाया।
अभी चल रहा अध्ययन
अध्ययन के सह लेखक अहमद ने आगे लिखा है कि टीम प्रणोदन के लिए इन सुपरसोनिक प्रतिक्रियाओं का पता लगा रही थी और उसी के फलस्वरूप हमें इस तंत्र का पता चला, जो बहुत रुचिकर नजर आ रहा था। जब हम आगे बढ़े तो हमें यह अहसास हुआ कि यह ठीक वैसे ही है जैसे ब्रह्मांड की उत्पत्ति के समय हुआ होगा। वैज्ञानिकों ने बताया कि अभी इस पर आगे की शोध चल रही है।
क्या है बिग बैंग थियरी
बिग बैंग सिद्धांत ब्रह्मांड की रचना की एक वैज्ञानिक सिद्धांत है। इसमें यह बताने की कोशिश की गई है कि यह ब्रह्मांड कब और कैसे बना? जाने माने वैज्ञानिक स्टीफन हॉकिंग ने इस सिद्धांत को समझाया था। इसके अनुसार करीब 14 अरब साल पहले पूरे भौतिक तत्व और ऊर्जा एक बिंदु में सिमटी हुई थी। फिर इस बिंदु ने फैलना शुरू किया। बिग बैंग, बम विस्फोट जैसा विस्फोट नहीं था बल्कि इसमें, प्रारंभिक ब्रह्मांड के कण, समूचे अंतरिक्ष में फैल गए और एक दूसरे से दूर भागने लगे।