2020 में राष्ट्रपति चुनाव में हिलेरी क्लिंटन नहीं होंगी उम्मीदवार, ट्रंप पर साधा निशाना
हिलेरी क्लिंटन का कहना है कि राष्ट्रपति चुनाव की रेस में वह कतई नहीं हैं। यह बात उन्होंने एक अमेरिकी न्यूज टेलीवीजन में अपने एक साक्षात्कार के दौरान कही।
वाशिंगटन [ एजेंसी ] । पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन की पत्नी व सीनेटर हिलेरी क्लिंटन का कहना है कि वह 2020 में होने वाले अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में उम्मीदवार नहीं होंगी। उन्होंने कहा कि वह राष्ट्रपति चुनाव की रेस में कतई नहीं हैं। यह बात उन्होंने एक अमेरिकी न्यूज टेलीवीजन में अपने एक साक्षात्कार के दौरान कही। इस मौके पर उन्होंने ट्रंप प्रशासन को भी आड़े हाथ लिया। उन्होंने कहा ट्रंप ने चुनाव के दौरान जो वादे किए उनको पूरा नहीं किया गया।
बता दें कि 2016 के राष्ट्रपति चुनाव में वह रिपब्लिकन उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप से पराजित हुईं थीं। इस चुनाव में उन्होंन ट्रंप को कड़ी टक्कर दी थी। हिलेरी ने कहा कि मैं जो कुछ मानती हूं, उसके लिए काम करती रहूंगी। उसके लिए मैं अपने स्टैंड पर कायम रहूंगी और सदैव बोलती रहूंगी। हिलेरी ने कहा कि मौजूदा राजनीति में जो कुछ घटित हो रहा है वह मूझे बहुत व्यथित कर रहा है।
उन्होंने कहा कि वह डेमोक्रेटिक पार्टी की ओर से राष्ट्रपति पद के नामांकन करने वाले सदस्यों के संपर्क में हैं। वह उनसे निरंतर वार्ता कर रही हैं। उन्होंने कहा कि कई वह उम्मीदवारों से वार्ता कर रहीं हैं। इस दौरान उन्होंने ट्रंप प्रशासन पर निशाना साधते हुए कहा कि वह देश की मौजूदा समस्याओं से बहुत दूर है। उन्होंने राष्ट्रपति चुनाव के दौरान जो अमेरिकीयों से वादा किए उसे निभाने में विफल रहे।