अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के पूर्व वकील कोहेन वापस गए जेल
53 वर्षीय कोहेन को मई में कोरोना संक्रमण के कारण संघीय कारागार से छोड़ा गया था।
वाशिंगटन, रायटर। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के पूर्व वकील माइकल कोहेन को गुरुवार को वापस जेल भेज दिया गया। 53 वर्षीय कोहेन को मई में कोरोना संक्रमण के कारण संघीय कारागार से छोड़ा गया था। कोहेन को दो महिलाओं को गोपनीयता बरकरार रखने के लिए भुगतान के मामले में संदिग्ध भूमिका निभाने, वित्तीय अपराध व संसद में झूठ बोलने के मामले में तीन साल की सजा हो चुकी है। वह एक साल की सजा काट भी चुके हैं। कोहेन के वकील जेफरे लेविन ने मीडिया को बताया कि उन्हें रिहाई की शर्तो के उल्लंघन करने पर वापस जेल भेजा गया है। न्यूयॉर्क पोस्ट ने कुछ ही दिनों पहले कोहेन को बाहर का खाना खाते और पत्नी व दोस्तों के साथ घर के बाहर मनोरंजन करते हुए तस्वीरें छापी थीं।
करीब एक साल पहले अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के पूर्व वकील माइकल कोहेन ने कांग्रेस (Senate Intelligence Committee) के सामने झूठ बोलने के लिए माफी मांगी थी। इस दौरान उन्होंने ट्रंप के बारे में कई गोपनीय जानकारी भी दी थीं। कोहेन ने कहा था कि ट्रंप को विकीलीक्स की रिपोर्ट के बारे में पहले से ही जानकारी थी। उन्होंने कहा था कि डेमोक्रेटिक नेशनल कमेटी से चुराए गए ईमेल प्रकाशित करने के बारे में ट्रंप को जानकारी थी।
बता दें कोहेन को वर्ष 2016 के राष्ट्रपति चुनाव में रूस के कथित दखल समेत कई मामलों में कानून के उल्लंघन के लिए तीन साल जेल की सजा सुनाई गई है। कोहेन पर चुनाव अभियान के दौरान पैसे की हेराफेरी, अपने पद का दुरुपयोग करने और अदालत में गलत बयान देने का आरोप था।
इसके अलावा कोहेन पर उन दो महिलाओं के मामले को रफा-दफा करने के लिए पैसे देने के मामले में भी दोषी पाया गया है, जिनसे अमेरिकी राष्ट्रपति के संबंध थे। सजा में नरमी की मांग करते हुए कोहेन ने कहा कि उनके (ट्रंप) गंदे कामों पर पर्दा डालना ही मेरी जॉब थी। बता दें कोहेन पर तीन साल की सजा के अलावा दो बिलियन डॉलर का जुर्माना भी लगाया गया है।