अमेरिका की होने वाली फर्स्ट लेडी जिल बाइडन के नाम होगा ये रिकॉर्ड, पढ़कर दंग रह जाएंगे आप
आखिर कौन है अमेरिका की फर्स्ट लेडी जिल बाइडन। क्या है उनकी दिलचस्प कहानी। क्या उप राष्ट्रपति पद का चुनाव जितने वाली कमला हैरिस के पति की तरह अपनी नौकरी को छोड़कर पति के मदद में आगे आएंगी।
वाशिंगटन, ऑनलाइन डेस्क। अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में रिकॉर्ड वोट हासिल कर जो बाइडन अमेरिका के 64वें राष्ट्रपति बनने जा रहे हैं। डेमोक्रेटिक उम्मीदवार के रूप में नाम घोषित होने के बाद चुनावी रैली से लेकर चुनाव परिणामों तक जो बाइडन की पत्नी जिल बाइडन के साए की तरह हर पल उनके साथ खड़ी रहीं। बता दें जो बाइडन की पत्नी जिल पेशे से शिक्षक हैं। ऐसे में यूएसए टुडे की एक रिपोर्ट में सवाल उठाया गया है कि बाइडन की पत्नी अब क्या करेंगी ? क्या वह अपने पति के सहयोग के लिए टीचर की नौकरी छोडेंगी ? खासकर यह चर्चा तब जोरों पर है, जब कमला हैरिस के पति ने पत्नी के सहयोग की खातिर अपनी नौकरी से इस्तीफा दे दिया है। आइए जानते हैं कि होने वाले राष्ट्रपति जो बाइडन की पत्नी व फर्स्ट लेडी जिल बाइडन के बारे में।
डॉ. जिल के नाम होंगे ये रिकॉर्ड
अमेरिका के होने वाले वाले राष्ट्रपति जो बाइडन की पत्नी 69 वर्षीय जिल बाइडन पेशे से एक शिक्षक हैं। जिल की योजना है कि वह व्हाइट हाउस की प्रथम महिला की जिम्मेदारी निभाते हुए शिक्षक की भूमिका भी निभाती रहेंगी। अगर वह अपने फैसले पर अडिग रही तो ऐसा करने वाली जिल बाइडन अमेरिका की प्रथम महिला होंगी जो व्हाइट हाउस के बाहर काम करके वेतन हासिल करेंगी।
अमेरिका की फर्स्ट लेडी की भूमिका निभाने वाली जिल के नाम यह रिकॉर्ड बनेगा। 231 साल में पहली बार जिल बाइडन अपने पेशे को जारी रख इतिहास बनाने जा रही हैं। अमेरिकी इतिहासकार कैथरीन जेल्लिसन ने कहा कि डॉ जिल बाइडन पहली ऐसी महिला होंगी जो व्हाइट हाउस से बाहर वेतन के साथ नौकरी करेंगी। इतना ही नहीं वह प्रथम ऐसी महिला होंगी, जिन्होंने डॉक्टर की डिग्री हासिल की है।
मैं शिक्षक के तौर पर अपनी सेवाएं देना जारी रखूंगी
जिल नॉर्दन वर्जिनिया कम्युनिटी कॉलेज में अंग्रेजी की प्रोफेसर हैं। चुनाव कैंपेनिंग के दौरान जिल ने एक न्यूज चैनल से बात करते हुए कहा था कि अगर वह अमेरिका की प्रथम महिला बनती हैं तो भी वह अपने पेशे से जुड़ी रहेंगी। वह अपना काम जारी रखेंगी। उन्होंने कहा था कि अगर हम व्हाइट हाउस में जाते हैं तो मैं शिक्षक के तौर पर अपनी सेवाएं देना जारी रखूंगी। जिल ने कहा कि यह महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि मैं चाहती हूं कि लोग शिक्षक का सम्मान करें। उनके योगदान को जानें और इस पेशे को आगे बढ़ाएं। बता दें कि जो बाइडन जब उप राष्ट्रपति थे, तब जिल एक सामुदायिक कॉलेज में शिक्षिका थीं। जिल हमेशा शिक्षा के महत्व पर जोर देती रहीं हैं। जिल ने कहा गर वह प्रथम महिला बनती हैं तो वह सामुदायिक कॉलेजों में निशुल्क ट्यूशन को दिए जाने का समर्थन करेंगी। साथ ही कैंसर के शोध के लिए पैसा देंगी और सैनिकों के परिवारों की मदद करेंगी। जिल ने आजीवन एक शिक्षिका बने रहने का फैसला किया है।