Move to Jagran APP

दुनिया में कोरोना से मौत की संख्या साढ़े सात लाख के पार, ब्राजील में हालत अब भी है गंभीर

Coronavirus World Updates विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के डाटा के अनुसार बीते 24 घंटे के दौरान दुनियाभर में दो लाख 76 हजार 398 नए मामले पाए गए।

By Dhyanendra SinghEdited By: Published: Fri, 14 Aug 2020 08:58 PM (IST)Updated: Fri, 14 Aug 2020 08:59 PM (IST)
दुनिया में कोरोना से मौत की संख्या साढ़े सात लाख के पार, ब्राजील में हालत अब भी है गंभीर
दुनिया में कोरोना से मौत की संख्या साढ़े सात लाख के पार, ब्राजील में हालत अब भी है गंभीर

वाशिंगटन, एजेंसियां। कोरोना महामारी की मार से जूझ रही दुनिया में संक्रमित लोगों और मरने वालों का आंकड़ा लगातार बढ़ता ही जा रहा है। विश्व भर में कोरोना से मरने वालों की संख्या साढ़े सात लाख के पार पहुंच गई। जबकि संक्रमित लोगों का वैश्विक आंकड़ा दो करोड़ दस लाख से ज्यादा हो गया है। दुनिया में महामारी से इस समय अमेरिका, ब्राजील, भारत और रूस सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। इन देशों में सबसे ज्यादा संक्रमण के मामले मिल रहे हैं।

loksabha election banner

विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के डाटा के अनुसार, बीते 24 घंटे के दौरान दुनियाभर में दो लाख 76 हजार 398 नए मामले पाए गए। इस अवधि में 6,933 पीड़ितों ने दम तोड़ दिया। इससे मरने वालों की वैश्विक संख्या सात लाख 52 हजार से ज्यादा हो गई है। विश्व में कोरोना के सबसे ज्यादा मामले अमेरिका में हैं। इस देश में अब तक 54 लाख से ज्यादा लोग संक्रमित पाए जा चुके हैं। एक लाख 70 हजार से ज्यादा मरीजों की मौत हुई है। ब्राजील में भी हालात गंभीर हैं। इस लैटिन अमेरिकी देश के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि बीते 24 घंटे के दौरान 60 हजार 91 नए मामले पाए गए। इससे संक्रमित लोगों का कुल आंकड़ा 32 लाख से ज्यादा हो गया। यहां अब तक कुल एक लाख पांच हजार से ज्यादा रोगियों की जान गई है। डब्ल्यूएचओ ने गत 11 मार्च को कोरोना वायरस को वैश्विक महामारी घोषित किया था।

ब्रिटेन में मास्क नहीं पहनने पर अब लगेगा ज्यादा जुर्माना

ब्रिटेन की सरकार ने मास्क नहीं पहनने वालों पर सख्ती करने की तैयारी की है। सार्वजनिक परिवहन और दुकानों जैसे स्थानों पर मास्क पहनना अनिवार्य किया गया है। ऐसे स्थानों पर इसका बार-बार उल्लंघन करने पर जुर्माना राशि बढ़ा दी गई है। अब अधिकतम 3,200 पौंड (करीब तीन लाख 14 हजार रुपये) तक जुर्माना लगाया जा सकता है। प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने कहा कि ज्यादातर लोग नियमों का पालन कर रहे हैं। नियमों का उल्लंघन नहीं करने वालों के खिलाफ सख्ती की जाएगी। इसके अलावा अर्थव्यवस्था को खोले जाने के अगले चरण के तहत और लोगों को काम पर लौटने की अनुमति दी जाएगी। इस बीच ब्रिटिश सरकार ने फ्रांस और नीदरलैंड से आने वाले लोगों के लिए 14 दिन का क्वारंटाइन अनिवार्य कर दिया है।

मेक्सिको सिटी में खोले गए सिनेमाघर

मेक्सिको की राजधानी मेक्सिको सिटी में कुछ पाबंदियों के साथ सिनेमाघरों को खोलने की इजाजत दे दी गई है। यहां करीब चार माह से सिनेमाघर बंद थे। यह कदम ऐसे समय उठाया गया, जब देश में कोरोना संक्रमित लोगों की संख्या पांच लाख के पार पहुंच गई है। यहां अब तक कुल 55 हजार से ज्यादा पीडि़तों की जान गई है।

विश्वभर में कोरोना महामारी से जुड़े प्रमुख बिंदु

रूस : 5,065 नए मामले मिलने से संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर नौ लाख 12 हजार हो गई। अब तक 15 हजार 498 पीडि़तों की जान गई है।

न्यूजीलैंड : 13 नए मामलों के साथ संक्रमितों की संख्या 30 हो गई। इस बीच आकलैंड शहर में लॉकडाउन 12 दिनों के लिए बढ़ा दिया गया है।

उत्तर कोरिया : दक्षिण कोरिया से सटे केयसोंग शहर में लॉकडाउन खत्म कर दिया गया है। यहां हजारों लोग कई हफ्तों से क्वारंटाइन में रखे गए थे।

दक्षिण कोरिया : इस कोरियाई देश में शुक्रवार को 103 नए मामले पाए गए। पिछले कई माह बाद एक दिन में सबसे ज्यादा नए संक्रमित पाए गए हैं।

ऑस्ट्रेलिया : बीते 24 घंटे के दौरान एक 20 वर्षीय युवक समेत 14 लोगों की मौत हो गई। इस देश के विक्टोरिया प्रांत में संक्रमण तेजी से फैल रहा है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.