अमेरिका में बंदूक की दुकान पर चली ताबड़तोड़ गोलियां, हमलावर समेत तीन की मौत
अमेरिका के न्यू ऑरलियंस के उपनगरीय क्षेत्र में एक बंदूक की दुकान पर एक व्यक्ति ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर दो लोगों की हत्या कर दी। बाद में वहां मौजूद ग्राहकों और कर्मचारियों ने हमलावर को भी गोली चलाकर मार डाला।
मेतैरी, एपी। अमेरिका के न्यू ऑरलियंस के उपनगरीय क्षेत्र में एक बंदूक की दुकान पर एक व्यक्ति ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर दो लोगों की हत्या कर दी। बाद में वहां मौजूद ग्राहकों और कर्मचारियों ने हमलावर को भी गोली चलाकर मार डाला।
गोली लगने से दो लोगों की मौत, हमलावर भी मारा गया
कानून प्रवर्तन अधिकारी जेफरसन पेरिस शेरिफ के कार्यालय से जारी बयान में इस बात की जानकारी दी गई है। बयान के अनुसार मेतैरी में हुई यह घटना दोपहर की है। हमलावर ने पहले घुसते ही दो लोगों को निशाना बनाया। इसके बाद वहां मौजूद लोगों और कर्मचारियों ने भी गोली चलाई, जिसमें हमलावर मारा गया।
गोली चलने में दो लोग घायल, अस्पताल में भर्ती
गोली चलने में दो अन्य लोग घायल हुए हैं। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां दोनों की हालत सामान्य है। माना जा रहा है कि इस हमले में उसके अन्य साथी भी हो सकते हैं। घटना क्यों और किस तरह से हुई, इसकी अभी जांच की जा रही है।
तीनों मरने वालों की पहचान नहीं हुई
हमलावर सहित तीनों मरने वालों की अभी तक पहचान नहीं हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना था कि जैसा शूटिंग रेंज में गोलियां चलने की आवाज होती है, उससे ज्यादा तेज इन गोलियों की आवाज थी।
अमेरिका में विमान हादसा टला
अमेरिका में एक भयानक विमान हादसा टल गया। डेनवर से होनोलुलु जा रहे विमान के उड़ान भरते ही दाहिने इंजन में आग लग गई। विमान में 231 यात्री और चालक दल के 10 सदस्य थे। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि धमाके के साथ आग लगते ही उड़ते विमान के जलते हुए पुर्जे नीचे गिरने लगे। विमान में बैठे सभी यात्रियों की सांस काफी देर तक रूकी रही। आखिरकार चालक दल ने सूझबूझ दिखाते हुए विमान को वापस डेनवर में सुरक्षित उतार लिया। हादसे में किसी भी यात्री या चालक दल के सदस्य को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। जिस समय यह हादसा हुआ विमान 15 हजार फीट की ऊंचाई पर था। अमेरिका के डेनवर से होनोलुलु के लिए बोइंग 777 अपनी उड़ान पर था। उसमें 231 यात्री सवार थे। विमान उड़ान भरने के कुछ देर बाद ही जब आसमान में था तो उसमें धमाका हुआ और दाहिने इंजन में आग लग गई।